रुद्रपुर। झनकट में अनियंत्रित बाइक की टक्कर से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार वृद्ध की सड़क पर गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मंगलवार देर शाम नंद किशोर (66 वर्ष) पुत्र दयाराम निवासी बनकटिया किसी काम के लिए खटीमा आए थे। वहां अपने शिक्षक पुत्र शैलेश से मिलकर वह झनकट होते हुए नानकमत्ता की ओर अपनी बाइक से निकल गए। रास्ते में बाइक अनियंत्रित हो गई और आगे जा रहे किशन सिंह पुत्र लाल सिंह निवासी झनकट और संजना निवासी सड़ासड़िया से टकरा गई। इससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक चला रहे नंद किशोर सड़क पर गिर गए। सूचना पर एम्बुलेंस से घायलों को उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने नंद किशोर को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को देकर शव को मोर्चरी में रखवा दिया। बुधवार को एसआई विनोद बोरा ने शव का पंचनामा भरा और डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। नंद किशोर अपने पीछे पत्नी शकुंतला देवी सहित परिजनों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। उनकी दो पुत्रियां है, जिसमें दीपमाला की नदन्ना और भागीरथी का गोहर पटिया में विवाह हुआ है। घायल किशन सिंह और संजना का बरेली में इलाज चल रहा है।

















