ऋषिकेश। छिद्दरवाला के साहबनगर में गुरुवार रात एक खोखे में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से बुजुर्ग जिंदा जल गया। बताया गया है कि बुजुर्ग करीब एक साल से खोखे में ही रह रहा था। घटना के वक्त वह खोखे में सो रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि छिद्दरवाला के साहबनगर में एक खोखे में आग लग गई है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पूछताछ करने में पता चला कि खोखे में एक व्यक्ति भी अंदर रहता है। इस पर पुलिस ने खोखे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो बुजुर्ग मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि मृतक हुकुम बहादुर (60) खोखे में एक साल से रह रहा था। जबकि, उसका परिवार साहबनगर में बीते 30 सालों से रह रहा है। वह खोखे में अकेले रहते थे। पुलिस ने शव को पीएम के लिए एम्स भेज दिया है। रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि खोखे के अंदर मोमबत्ती जली रहती थी, संभवत: मोमबत्ती के कारण ही आग लगी होगी। उन्होंने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बुजुर्ग की मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा।

















