रुड़की। पुलिस ने जायरीन से मोबाइल लूट कर फरार युवक को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। बदायूं के मोजमपुर बिसोली निवासी शाहिद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बुधवार को वह पुरानी गंगनहर पर बने नए पुल पर खड़ा होकर अपने मोबाइल से बात कर रहा था। तभी पीछे से आया युवक उसका मोबाइल छीन कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि पीर गैब सहाब के पास एक युवक मोबाइल फोन बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देख युवक ने भागने का प्रयास किया लेकिन घेरा बन्दी कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और थाने ले आई। तलाशी लेने पर उसके पास से लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ।

















