विकासनगर। सहसपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भुड्डी में नवनिर्मित पंचायत भवन का विधायक सहदेव पुंडीर ने लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में स्वच्छ भारत 2.0 अभियान की शुरुआत भी की। आगामी 31 अक्तूबर तक नेहरू युवा केंद्र की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। विधायक ने कहा कि गांवों का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही पंचायतों को भी मजबूत किया जा रहा है। भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल में गांवों में मूलभूत सुविधाएं विकसित की गई। अब प्रत्येक गांव को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में रोजगार के पर्याप्त साधन मुहैया कराएगी। शहरी क्षेत्रों से लगे गांवों को आदर्श गांव बनाया जाएगा, लेकिन इसके साथ ही गांव के मूल स्वरूप को भी बरकरार रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में मिनी सचिवालय खोले जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज बनाने के लिए अलग अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख सीमा नेगी, ग्राम प्रधान कोमल देवी, मनोज कश्यप, विक्रम रावत, राजेंद्र बिष्ट, खेमचंद गुप्ता, मंजीत सिंह, सतपाल बुटोला, दुनिचंद राणा, रजनीश ध्यानी, नीटू सिंह आदि मौजूद रहे।

















