ऋषिकेश। 40 ग्राम स्मैक के साथ एक हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर एनडीपीएस ऐक्ट में केस दर्ज किया गया। आरोपी बरेली से स्मैक खरीदकर ऋषिकेश ला रहा था। कोतवाली पुलिस के मुताबिक मंगलवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक बिना नंबर प्लेट की बाइक में सवार युवक को मनसा देवी फाटक पर चेकिंग के लिए रोका। उसके पास से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ करने पर आरोपी मारकंडे जायसवाल पुत्र उमेश जायसवाल निवासी चंद्रेश्वरनगर ऋषिकेश ने बताया कि वह स्मैक बरेली से खरीदकर लाया है। नशे का सामान वह ऋषिकेश के राफ्टिंग और कैंपिंग एरिया में सप्लाई करता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ ऋषिकेश व अन्य थानों में आबकारी और एनडीपीएस ऐक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। दुपहिया वाहन को सीज किया है।

















