अल्मोड़ा। भतरौंजखान पुलिस ने 39 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कालाढूंगी (नैनीताल) निवासी दोनों आरोपियों को जेल भेज कर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बीते गुरुवार को सीओ रानीखेत के नेतृत्व में भतरौंजखान टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस सहायता केंद्र मोहान पर मरचूला की तरफ से आ रहे वाहन यूके 06 एए 5336 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में सवार बिशनपुर, पोस्ट बैलपड़ाव, थाना कालाढूंगी, जिला नैनीताल निवासी तरसेम सिंह पुत्र स्व. धरम सिंह और जीवन आर्या पुत्र गोपाल राम के कब्जे से तीन कट्टों में रखे 39.320 किलो गांजा बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर गांजे को सील कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज भी कर दिया। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत 5 लाख 89 हजार 800 रुपये आंकी गई। इधर, थानाध्यक्ष संजय पाठक ने कहा दोनों आरोपी मरचूला क्षेत्र से गांजा खरीदकर बाहर बेचने जा रहे थे। टीम में कांस्टेबल अरविंद सिंह, संदीप सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह रहे।

















