विकासनगर(आरएनएस)। न्याय पंचायत सोरना में शुक्रवार को मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 के तहत खेल महाकुंभ का आगाज हुआ। राजकीय इंटर कॉलेज केदारावाला के प्रांगण में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया। प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 बालक वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रतिभा दिखाने का अवसर देने की है। खेल महाकुंभ जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। सरकार युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और उन्हें जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राजकीय इंटर कॉलेज केदारावाला और न्याय पंचायत सोरना की टीम को बधाई दी।
