Home उत्तराखंड भीषण गर्मी में बारिश में राहत

भीषण गर्मी में बारिश में राहत

विकासनगर। कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद बुधवार को बारिश ने लोगों को राहत प्रदान की। दोपहर बाद पछुवादून में आंधी तूफान चलने और हल्की बूंदाबांदी होने से तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, चकराता में मौसम के बदले मिजाज से लोगों को मई माह में हल्की सर्दी का अहसास हुआ। पिछले कई दिनों से गर्मी से लोग बेहाल थे। बुधवार दोपहर बाद पछुवादून में अचानक मौसम ने करवट ली। दोपहर 12 बजे बाद अचानक धूल भरी आंधी चलनी शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक आंधी चलने के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे तापमान में गिरावट आ गई। मंगलवार को विकासनगर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री था। जबकि बुधवार को तापमान 30 डिग्री पर आ गया। तापमान में गिरावट आने से विकासनगर, हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई समेत पछुवादून के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
वहीं, दूसरी ओर बुधवार दोपहर बाद चकराता में भी मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। कुछ देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे की बारिश के बाद मौसम खुल गया। बारिश से चकराता क्षेत्र का मौसम ठंडा हो गया। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं से तापमान गिरकर 19 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान 15 पर पहुंच गया। तापमान गिरने से लोगों को हल्की सर्दी का अहसास हुआ। लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। बारिश के चलते बाजार भी सुनसान नजर आया।