07.01.2022
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब दौरे पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक को प्रदेश सरकार की साजिश करार दिया। इस घटना से गुस्साए भाजपाइयों ने पछुवादून, जौनसार में पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला आग के हवाले किया। गुरुवार को भाजपा ग्रामीण मंडल कार्यकर्ताओं ने बरोटीवाला चौक पर पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया गया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक प्रदेश सरकार की साजिश थी। पीएम के काफिले को साजिश के तहत उस जगह पर रोका गया, जहां से कुछ ही दूरी पर पाकिस्तान की सीमा शुरू होती है। कहा कि सरकार को पहले से ही प्रधानमंत्री के दौरे की सूचना दी गई थी, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी बनती है। दूसरी ओर हरबर्टपुर मंडल कार्यकर्ताओं ने क्रांति चौक पर पंजाब सरकार का पुतला आग के हवाले किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक प्रदेश सरकार की साजिश थी। सड़क मार्ग से जाने पर सरकार सरकार ने साजिश के तहत सड़क जाम कराई। कहा कि प्रदेश सरकार को पहले से ही निर्धारित मार्ग का निरीक्षण कराना चाहिए। इस दौरान अनुज गुलेरिया, दिनेश कौशिक, सौरभ गुप्ता, राजेंद्र पटेल, संदीप चावला, धर्म सिंह सैनी, जितेंद्र कुमार, अमित डबराल, मोहित शर्मा, खजान नेगी आदि मौजूद रहे।
वहीं कालसी मंडल की ओर से कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे कनिष्ठ उप प्रमुख रितेश ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक बहुत बड़ा अपराध है। पंजाब सरकार को इसके लिए देश की जनता से माफी मांगते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी।

















