भिकियासैण (अल्मोड़ा)। डा. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में आगामी छात्र संघ चुनाव सत्र 2026-27 के संदर्भ में आधिकारिक तौर पर अधिसूचना जारी कर दी गई है, तथा महाविद्यालय परिसर में आचार संहिता लागू हो गई है। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ.मनप्रीत सिंह व मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. साविर हुसैन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, महविद्यालय के छात्र संघ चुनाव 29 सितंबर 2026 को संपन्न होंगे। इसी क्रम में आगामी चुनाव के संदर्भ में विचार-विमर्श कर निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु आज मंगलवार को अपराह्न 1:00 बजे महाविद्यालय के सभागार में महाविद्यालय की छात्र संघ चुनाव समिति व छात्र संघ संभावित प्रत्याशियों की एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उक्त बैठक में आगामी छात्रसंघ चुनाव के संदर्भ में लिंगदोह समिति की संस्तुतियों से संबंधित आवश्यक शर्तें, नियम व निर्देश छात्रसंघ के संभावित प्रत्याशियों को समझाए गए। साथ ही चुनाव आचार संहिता से संबंधित आवश्यक जानकारी से अवगत कराया गया ।छात्र-छात्राओं को दिनांक 23 सितंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे से परिचय पत्र आवंटित किये जाएंगे।परिचय पत्र प्राप्त करने के लिए सम्बन्धित छात्र-छात्राओं द्वारा शुल्क रसीद लाना अनिवार्य होगा।मतदान करने हेतु परिचय-पत्र का होना अनिवार्य है।परिचय-पत्र नहीं होने की स्थिति में मतदान करना संभव नहीं होगा।उक्त बैठक महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनप्रीत सिंह की अध्यक्षता में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. साबिर हुसैन द्वारा संचालित की गई।प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनप्रीत सिंह द्वारा समस्त छात्र-छात्राओं से आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने और लोकतांत्रिक परंपराओं के तहत चुनाव में शांतिपूर्ण सहयोग एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।
