रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। शिल्पकार भवन भिकियासैंण में स्थानीय जनता के विशेष आग्रह पर एक दिवसीय आयुर्वेदिक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी अल्मोड़ा के दिशा-निर्देशों के क्रम में लगे इस शिविर में क्षेत्र के दूर-दराज के गांवों से पहुंचे दर्जनों मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय वरकिंडा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कुमार सिंह व राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मणुली की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वरी द्वारा शिविर में आए रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जांच की। चिकित्सकों ने मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ-साथ उनके ब्लड प्रेशर,ब्लड शुगर की भी आवश्यक जांच की गई।जिससे मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित रोगियों की समय पर पहचान की जा सके।
शिविर के दौरान विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया,और जरूरतमंदों को आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर डॉ. रामेश्वरी द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं और बीमारियों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित आहार अपनाकर और नियमित जांच के जरिए स्वस्थ जीवनशैली जीने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय जनता द्वारा आयुष विभाग से इस प्रकार के शिविर निरंतर आयोजित करने का आग्रह किया गया। वही शिल्पकार सेवा समिति के उपाध्यक्ष डा. एस आर चन्द्रा ने विभाग से माह मे दो बार या फिर माह मे एक बार शिविर आयोजित करने की मांग की।
जिससे क्षेत्रवासियों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इस शिविर को सफल बनाने रिटायर्ड मंडी समिति इलैक्ट्रिक सुपरवाइजर भूवन चन्द्र आर्य,नीमा देवी आदि ने सहयोग किया।
