Home उत्तराखंड 155 बार रक्तदान दान हेतु डॉ. अनिल वर्मा को “नीलम अग्रवाल मेमोरियल...

155 बार रक्तदान दान हेतु डॉ. अनिल वर्मा को “नीलम अग्रवाल मेमोरियल रक्तवीर सम्मान”

Dr. Anil Verma Awarded Neelam Agarwal Memorial Raktveer Samman for Donating Blood 155 Times
Dr. Anil Verma Awarded Neelam Agarwal Memorial Raktveer Samman for Donating Blood 155 Times

उत्तम स्वास्थ्य ही सुखी जीवन का आधार है -सुबोध उनियाल

उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही सुखी जीवन का आधार है। स्वास्थ्य जागरूकता शिविरों का आयोजन समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल स्वo नीलम अग्रवाल मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा हाथीबड़कला कैंट रोड पर मैक्स हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित पूर्णतः निःशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं औषधि वितरण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि लाभार्थियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने शिविर संयोजक शिक्षाविद सुनील अग्रवाल द्वारा अपनी स्वर्गीय धर्मपत्नी की 62 वीं जयंती पर जरूरतमंदो के लिए पूर्णतः निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने को प्रेरणादायक बताया। साथ ही जांच कराने आये लाभार्थियों की भारी भीड़ देखकर शिविर को अति सफल करार दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल जी ने 155 बार रक्तदान करने हेतु यूथ रेड क्रॉस के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा की सराहना करते हुए उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर “नीलम अग्रवाल मेमोरियल रक्तवीर सम्मान” से नवाज़ा।
डॉ. अनिल वर्मा ने सम्मान प्रदान करने हेतु माननीय स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल जी तथा ट्रस्ट के चेयरमैन शिक्षिविद डॉ. सुनील अग्रवाल जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट के चेयरमैन शिक्षाविद डॉ. सुनील अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि ट्रस्ट द्वारा उनकी व उनकी धर्मपत्नी के जन्मदिनों , विवाह की वर्षगाँठ तथा पत्नी की पुण्य तिथि पर यानि वर्ष में चार बार ट्रस्ट द्वारा इसी प्रकार के जनहित शिविर आदि आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में ऐलोपैथिक , होमियोपैथिक, आयुर्वेदिक, मनोरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा डाइटिशियन द्वारा कुल 127 जरूरतमंदो का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, हीमोग्लोबिन, टीएसएच (थायरॉयड ) पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) आदि से सम्बंधित निःशुल्क परामर्श के साथ ही पूर्णतः निशुल्क समस्त जाँच और निःशुल्क औषधि का वितरण किया गया।
पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि स्वास्थ्य जांच शिविरों का अपना विशेष महत्त्व है। खासतौर से ऐसे शिविर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्स्कों द्वारा पूर्णतः निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाई वाले उनके लिए वरदान साबित होते हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि “हेल्थ इज वेल्थ” जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई है। स्वस्थ व्यक्ति ही धन, संपत्ति, स्वादिष्ट
भोजन और घूमने फिरने का आनंद ले सकता है। जहाँ तक प्रश्न निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का है तो ये लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में निश्चितरूप से लाभप्रद सिद्ध होते हैं।
फ़िल्म एक्ट्रेस एवं लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में विगत 77 वर्षों से निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर प्रतिष्ठित दैनिक समाचारपत्र दी हिमाचल टाइम्स न्यूज़ पेपर की ओनर, चेयरमैन एवं एम.डी. इन्द्राणी पांधी ने कहा कि अधिकांश महिलाएं विशेषकर ग्रामीण अथवा हाउसवाइफ अपने स्वास्थ्यके प्रति लापरवाह रहती हैं। स्वास्थ्य जांच के प्रति अनभिज्ञता, संकोच, घर से दूर जांच केंद्र सुविधा होने या कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उनको उपयुक्त परामर्श या चिकित्सा जांच उपलब्ध नहीं हो पाती। समय पर रोग का पता नहीं चल पाने से उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अतः सुदूर क्षेत्रों अथवा समुदाय के बीच ऐसे निःशुल्क शिविर महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों एवं विकलांगों के लिए बहुत लाभप्रद होते हैं।
यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य जांच शिविर किसी व्यक्ति को उसके शरीर में छिपी अथवा आगे हो सकने वाली गंभीर बीमारियों का पूर्व में ही संकेत अथवा चेतावनी देने का अति महत्वपूर्ण कार्य करती है।
जांचों के माध्यम से चिकित्सक मरीज को सचेत करते हुए यथाशीघ्र विधिवत उपचार करा लेने की सलाह देकर उसे पुनः स्वस्थ बनाने अथवा उसका जीवन बचाने में विशिष्ट भूमिका निभाते हैं । डॉ. वर्मा ने शिविर संयोजक सुनील अग्रवाल जी द्वारा अपनी धर्मपत्नी जी की 62 वीं जयंती पर स्वo नीलम अग्रवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित पूर्णतः निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर को महान परोपकार की संज्ञा दी। उन्होंने स्वo नीलम अग्रवाल जी की स्मृति में डॉ.सुनील अग्रवाल से रक्तदान शिविर भी आयोजित करने का अनुरोध किया।
शिविर में विख्यात मनोचिकित्सक डॉ. मुकुल शर्मा, ऋषिकेश के मेयर शम्भू पासवान, वैश्य महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय गोयल, सुप्रसिद्ध कथा व्यास भागवत आचार्य सुभाष जोशी जी , अग्रवाल समाज अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, अग्रवाल समाज महिला अध्यक्ष रितु गोयल, महिला नेत्री आभा बड़थ्वाल ने भी संबोधित किया। शिविर में संत मनोज ध्यानी, पार्षद भूपेंद्र कठेत,श्री महाकाल सेवा समिति अध्यक्ष रोशन राणा, सृष्टि हरिराम गुप्ता,विजय कथूरिया, ताराचंद गुप्ता, अधीर मुख़र्जी उपस्थित थे।
शिविर संचालन में श्री नेमी चंद अग्रवाल, श्रीमती सुशीला अग्रवाल, श्रीमती शकुंतला अग्रवाल , अक्षय अग्रवाल, एडवोकेट सिद्धार्थ अग्रवाल, काजल रावत, अंशुल राणा, सृष्टि भट्ट, हिमानी राघव , गीतांजलि मोरेना, शोभित जैन, राघव गोयल, सुमित अग्रवाल,आयुष अग्रवाल,, सरदार बिंदर “बिन्दे ” तथा फोटो आर्टिस्ट शिवराज सिंह ठाकुर आदि का विशेष योगदान रहा।
विशेषज्ञ चिकित्सक दल में डॉ. सोना कौशल गुप्ता, डॉ. मनोज नौटियाल, डॉ. रितु बदूनी, डॉ.शैली गुप्ता डॉ.डॉली बालियान शामिल थे।
धन्यवाद ज्ञापन शिक्षाविद डॉ. सुनील अग्रवाल ने किया।