रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैण (अल्मोड़ा)। भारत के लोकतंत्र व सभी नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रतिवाद के तहत महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपती मुर्मू के लिए अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनन्द सिंह नेगी के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी भिकियासैण के माध्यम से उपजिलाधिकारी के पेशकार प्रकाश चन्द्र को ज्ञापन सोंपा ।
ज्ञापन में विशेष पुनरीक्षण को तत्काल रद्द करने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर उन पर मुकदमा चलाने, बिना पारदर्शिता के मतदाता सूची से हटाये गए 13.41 करोड़ नागरिकों के मताधिकार को बहाल करने तथा 2023 के मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति के अधिनियम में संसोधन कर प्रधानमंत्री द्वारा नामित कैबिनेट मंत्री के स्थान पर मुख्य न्यायाधीश को चयन समिति में शामिल करने की मुख्य रूप से मांग की गई है ।
ज्ञापन में ज्ञानेश कुमार पर संविधान के प्रति ली गई शपथ का उलंघन करते हुए सत्तारुढ़ दल भाजपा को मदद पहुंचाने के लिए वास्तविक नागरिकों का नाम मतदाता सूची से हटाने का गंभीर अपराध करने का आरोप लगाते हुए पद से हटाने की कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
ज्ञापन में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल जंतरमंतर को अधिसूचना से बाहर करने के आदेश को तत्काल निरस्त करने, पुलिस और भाजपा आरएसएस के अपराधिक तत्वों द्वारा प्रदर्शनकारियों,पत्रकारों, छात्र- छात्राओं पर हो रहे क्रूर दमन और उत्पीड़न की जांच कर कानूनी कार्रवाई किये जाने के साथ ही पुलिस का अनाधिकार नागरिकों को नजरबंद करना, घरों में अवैध प्रवेश पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन देने में आनन्द सिंह नेगी, श्याम सिंह, मनोहर सिंह, पलक, मंजू देवी आदि शामिल रहे।
