हरिद्वार। कनखल स्थित कम्पनी देशरक्षक औषधालय लिमिटेड के पंजीकृत कार्यालय में शुक्रवार को कंपनी के शेयरधारकों की 45वीं वार्षिक आम सभा आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन, कंपनी की आगामी योजनाओं और कारोबार की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया गया है। बैठक में कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक तोष कुमार जैन ने बताया कि कंपनी को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) से दवाइयों की आपूर्ति एवं वितरण के लिए दो वर्ष का अनुबंध प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कंपनी के उत्पाद Amazon के ऑनलाइन पोर्टल पर भी उपलब्ध हो गए हैं।
बैठक में बताया गया कि देशरक्षक औषधालय लिमिटेड के शेयर पिछले 31 वर्षों से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में सूचीबद्ध हैं। प्रबंधन ने आगामी वर्षों में कंपनी के कारोबार में और विस्तार की उम्मीद जताई।
कंपनी के निदेशक अरिहन्त जैन ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेदिक दवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में आने वाले समय में कंपनी के कारोबार और परिणामों में और सकारात्मक बदलाव की संभावनाएं हैं। उन्होंने कंपनी की भविष्य की योजनाओं को लेकर शेयरधारकों को भरोसा दिलाया।
इस दौरान शेयरधारकों ने कंपनी के प्रदर्शन और भविष्य की योजनाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वार्षिक आम सभा में चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक तोष कुमार जैन, निदेशक मोनिका जैन, निदेशक अरिहन्त जैन, सेक्रेटेरियल ऑडिटर आर.सी. शर्मा तथा कंपनी के ऑडिटर एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट अनिल कुमार जैन सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
