Home उत्तराखंड 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशन कॉन्फ्रेंस–2025 में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग

47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशन कॉन्फ्रेंस–2025 में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग

Chief Minister Dhami participated in the 47th All India Public Relations Conference – 2025.
Chief Minister Dhami participated in the 47th All India Public Relations Conference – 2025.

– पीआर विजन–2047 विकसित भारत के निर्माण में निभाएगा अहम भूमिका: सीएम
– सरकार और जनता के बीच भरोसेमंद संवाद समय की सबसे बड़ी आवश्यकता: सीएम
देहरादून। देहरादून में 13 से 15 दिसंबर तक होटल एमरॉल्ड ग्रैण्ड, सहस्त्रधारा रोड पर 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस–2025 का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया और फोटो प्रदर्शनी व हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन कर स्थानीय कला एवं शिल्प को प्रोत्साहित किया। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन की थीम “विकसित भारत @2047: विकास भी, विरासत भी” रही।
तीन दिवसीय आयोजन में उत्तराखंड की 25 वर्ष की विकास यात्रा, मीडिया व जनसंपर्क की भूमिका, तकनीक, GST, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, मिसइन्फॉर्मेशन और अंतरराष्ट्रीय जनसंपर्क जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। रूस से आए प्रतिनिधियों की सहभागिता ने सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि पब्लिक रिलेशन केवल सूचना संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने डिजिटल युग में गलत सूचना की चुनौती पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और जनता के बीच भरोसेमंद संवाद को जनसंपर्क की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया। उत्तराखंड जैसे आपदा-प्रवण और सामरिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य में संवाद को विश्वास की बुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य की पीआर प्रणाली को तकनीकी रूप से सक्षम और जनभावनाओं के प्रति संवेदनशील बनाना होगा, ताकि सरकार और जनता के बीच साझेदारी और विश्वास का संबंध स्थापित हो सके।
मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर प्रगति कर रहा है। वर्ष 2024–25 में राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचने जा रहा है और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है। बजट में अभूतपूर्व बढ़ोतरी और बेरोजगारी दर में कमी राज्य की उपलब्धियाँ हैं।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल, हवाई एवं रेल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में आधुनिक अवसंरचना के विकास का उल्लेख किया। धार्मिक पर्यटन, वेलनेस, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे, रोपवे और हवाई अड्डों का विस्तार राज्य को नई गति दे रहे हैं।
निवेश और उद्योग को सशक्त करने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, सिंगल विंडो सिस्टम, नई औद्योगिक एवं स्टार्टअप नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निवेश का उभरता केंद्र बन रहा है। “एक जनपद–दो उत्पाद”, हाउस ऑफ हिमालयाज, मिलेट मिशन और नई पर्यटन एवं फिल्म नीति जैसी योजनाएं स्थानीय आजीविका को मजबूती दे रही हैं।
सम्मेलन में अपर सचिव एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को सुशासन में उत्कृष्टता हेतु राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, स्वामी चिदानंद मुनि, पीआरएसआई अध्यक्ष अजीत पाठक, देहरादून चैप्टर अध्यक्ष रवि बिजारनिया और रूसी प्रतिनिधि सहित देशभर के जनसंपर्क प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे।