15.2 C
Dehradun, IN
November 18, 2026
https://primetimesnewz.com/
उत्तराखंडदेहरादून

रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं को मिली रोजगार की सौगात

Hundreds of youths receive the gift of employment at a job fair

श्रीनगर में आयोजित मेले में 1,429 युवाओं ने किया प्रतिभाग

50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया युवाओं का चयन

श्रीनगर गढ़वाल, 18 नवंबर 2026
सूबे के तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित वृहद रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं के सपनों को नये पंख लगे हैं। विभाग द्वारा राजकीय पाॅलीटेक्निक संस्थान श्रीनगर में लगाये गये रोजगार मेले में गढ़वाल मंडल के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के 1,429 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिनका चयन देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा अपने-अपने संस्थान के विभिन्न पदों के लिये किया गया। कंपनियों के द्वारा जाॅब आॅफर मिलने पर छात्रों के चेहरे खिल उठे।

सूबे के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। डाॅ. रावत ने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कम्पनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहा है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं को उद्योग जगत से सीधे जुड़ने, अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने तथा रोजगार की संभावनाओं को साकार करने में मदद करते हैं, साथ ही उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं के कौशल विकास और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर निदेशक, प्राविधिक शिक्षा देशराज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उनेंने विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल में निरंतर अभिवृद्धि करने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान भी किया।

रोजगार मेले में प्रतिभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल एवं कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया संपन्न की। एक ही मंच पर विभिन्न औद्योगिक एवं तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियों की सहभागिता से विद्यार्थियों को रोजगार के विविध अवसरों और औद्योगिक क्षेत्र की अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला। रोजगार मेले के प्रभारी उप निदेशक एस.के. वर्मा एवं राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों, प्रतिभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री अनिल शाह ने किया।

इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष विजय कपरवान, भाजपा पौड़ी के जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश पांडेय, सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. राजेश उपाध्याय तथा उप निदेशक एम.के. कन्याल, विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधि सहित प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts

पंजाब नेशनल बैंक वित्त वर्ष 2026 की तीसरी और 9 वीं तिमाही के लिए वित्तीय परिणाम

Primetimes Newz

धौलछीना पुलिस ने हरियाणा से पॉक्सो आरोपी को किया गिरफ्तार, नाबालिग बरामद

Primetimes Newz

देहरादून में विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

Primetimes Newz

Leave a Comment