दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मण्डल के रक्तदान शिविर में 127 यूनिट रक्त एकत्रित
दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री श्री पूर्ण गिरी महाराज जी के 51वें पावन जन्मदिन पर सीएनआई ब्वायज इंटर कॉलेज में एक रक्तदान एवं निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर तथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिविर में मैक्स हॉस्पिटल के सहयोग से कुल 127 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। साथ ही लगभग 100 लोगों के रक्त, कोलेस्ट्रॉल, फैट, हीमोग्लोबिन, बी पी, रक्त शर्करा आदि की निःशुल्क जांच की गई।
इस अवसर पर सम्मान समारोह के अंतर्गत अब तक 155 बार रक्तदान कर चुके यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रसतिनिधियों को रक्तदान के क्षेत्र में योगदान हेतु अंगवस्त्र पहनाकर व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। डॉ. वर्मा ने उन्हें सम्मानित करने के लिए दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष व सदस्य राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड भारत सरकार श्री पंकज मैसोन तथा सचिव पंकज डिडाना का आभार व्यक्त किया।
शिविर का उद्घाटन महंत श्री श्री पूर्ण गिरी महाराज, कैबिनेट मिनिस्टर खजान दास, विधायक केंट केंट श्रीमती सविता कपूर, राज्य मंत्री अशोक वर्मा, पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन तथा सचिव पंकज डिडाना ने किया।
स्वागत सम्बोधन करते हुए शिविर अध्यक्ष पंकज मैसौन ने कहा कि रक्त एक औषधि है परन्तु यह फैक्ट्री में नहीं बनाई जा सकती। केवल एक मनुष्य का रक्त ही दूसरे व्यक्ति को चढ़ाकर उसकी जान बचाई जा सकती है। जिस प्रकार से साधूजन परमार्थ के कारण मानव शरीर धारण करते हैं उसी प्रकार स्वस्थ सज्जन लोग भी अपना रक्त दूसरों के लिए बिना स्वार्थ के दान देते हैं।
महंत श्री पूर्ण गिरी जी महाराज ने कहा कि उनके जन्मदिन पर भव्य रक्तदान शिविर व निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर के आयोजन से वे बहुत अभिभूत हैं। उन्होंने दून महानगर उद्योग व्यापार मंडल के इस परोपकारी कदम की सराहना करते हुए सभी रक्तदाताओं, आयोजकों व उन्हें शुभकामनाएं देने आए समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भगवान टपकेश्वर महादेव से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
कैबिनेट मंत्री खजानदास ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है जिसमें रक्तदान करने से केवल एक व्यक्ति काजीवन ही नहीं बचता बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशियां लौट आती हैं।
विधायक सविता कपूर ने कहा कि रक्तदान परहित का दूसरा नाम है। ब्लड बैंकों में रक्त की बहुत कमी है। इसे पूरा करने के लिए उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि युवा वर्ग हर तीन – चार महीने में एक बार रक्तदान अवश्य करे।
राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने कहा कि समाज सेवा का सबसे सरल माध्यम रक्तदान है। वास्तव में रक्तदान पूजा के समान है। इसमें धन की नहीं बल्कि मानवता की रक्षा करने की भावना चाहिए होती है।
यूथ रेडक्रास कमेटी के रक्तदाता प्रेरक डॉ० अनिल वर्मा ने रक्तदान करने के प्रति अंधविश्वासों को दरकिनार करते हुए स्वयं रक्तदाता को होने वाले फायदों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित रक्तदान करने से 90 प्रतिशत कैंसर व 85 प्रतिशत हार्ट अटैक होने की संभावना नहीं होती। साथ ही अच्छा कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) बढ़ता है व खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) घट जाता है। एक बार रक्तदान करने से 650-700 कैलोरी फैट बर्न होने से मोटापा नहीं आता। ब्लड प्रेशर व ब्लड शुगर नियंत्रित रखने में सहायता मिलती है। नये ब्लड सेल्स बनने से शरीर में नई ऊर्जा , उत्साह व स्फूर्ति का संचार होता है। रक्तदान तो अनेक हो सकने वाली बीमारियों से बचाते हुए एंटी एजिंग का काम करता है। एक बार रक्तदान से कम से कम तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है।
शिविर संयोजन में सुशील अग्रवाल,रोशन राणा, दिव्य सेठी, मनन, अंकुर जैन, एस पी गोयल, विवेक मोहन श्रीवास्तव, हरमीत जायसवाल, अर्चित डाबर, हरीश विरमानी आदि बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।
कार्यक्रम का अति कुशल संचालन एंकर श्री संजय गर्ग ने तथा धन्यवाद ज्ञापन महासचिव पंकज डिडाना ने किया।

















