Home उत्तराखंड ट्रैक्टर ट्रॉली और कार की टक्कर

ट्रैक्टर ट्रॉली और कार की टक्कर

-हादसे में कार सवार नवजात और नाबालिग की मौत, आठ लोग घायल
रुड़की। हरिद्वार हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली और कार की टक्कर में नवजात और नाबालिग की मौत हो गई। हादसे में कार सवार दंपति समेत आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां गंभीर रूप से घायलों को सिविल अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। नवजात और नाबालिग के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। हादसे के बाद परिजनों की पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भीड़ रही। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरी ख्वाजगीपुर निवासी रतिराम, सावन, कृष्णपाल, पीरु, प्रिंस, अमर सिंह, अर्पित, राजेंद्र और भूपेंद्र ट्रैक्टर ट्रॉली में सब्जियां लेकर रामपुर चुंगी स्थित नवीन मंडी में बेचने के लिए घर से निकले थे। जैसी ही ट्रैक्टर ट्राली हरिद्वार हाईवे पर रजवाड़ा फार्म हाउस के पास पहुंची तो पीछे से आई कार ट्रैक्टर में जा घुसी। हादसे में सावन (12) और कार सवार दंपत्ति के पुत्र दक्ष (8 माह) की मौत हो गई। हादसा होता देख राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली और कार में सवार आठ लोग हादसे में घायल हुए हैं। कुछ ही देर में घटनास्थल पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात और नाबालिग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि कार सवार दंपत्ति की गंभीर हालत को देखकर डॉक्टरों की टीम ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे के आसपास कार और ट्रैक्टर ट्रॉली हादसे का शिकार हुई है। कार सवार आठ माह के बच्चे और 12 वर्षीय नाबालिग की हादसे में मौत हो गई है। कार सवार परिवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।