Home उत्तराखंड विकासनगर अस्पताल में हो सकेंगे आंखों के ऑपरेशन

विकासनगर अस्पताल में हो सकेंगे आंखों के ऑपरेशन

07.01.2022

उप जिला चिकित्सालय (एसडीएच) विकासनगर में अब आंखों के आपरेशन की सुविधा भी मरीजों को मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने जनता को नए साल के पहले सप्ताह में यह सौगात दी है। गुरुवार को विधायक मुन्ना चौहान ने आंखों के आपरेशन केलिए बनाए गए ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण किया। गुरुवार को विधायक ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय में जल्द ही मल्टी स्पेशियलिटी अस्पतालों की तर्ज पर सभी पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए अस्पताल को ऑटो एनालाइजर मशीन मुहैया करा दी गई है। मशीन के संचालन के लिए इन दिनों कक्ष को व्यवस्थित किया जा रहा है। इसके लिए उप जिला चिकित्सालय के विस्तारीकरण के तहत डाकपत्थर में 13 करोड़ की लागत से नए भवन का निर्माण किया जा रहा है। बताया कि आंखों के ऑपरेशन के लिए अस्पताल परिसर में स्थित ट्रामा सेंटर में ऑपरेशन थिएटर की सुविधा मुहैया कराई गई है। ऑपरेशन थिएटर में सभी मॉर्डन उपकरण मुहैया करा दिए गए हैं। बताया कि करीब दो साल पहले उप जिला चिकित्सालय में नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती की गई थी, लेकिन ओटी की सुविधा नहीं होने से यहां सिर्फ आंखों की ओपीडी ही संचालित हो रही थी। मरीजों को अभी तक आपरेशन के लिए देहरादून के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते थे। मरीजों की परेशानी को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ओटी शुरू कर दी गई है। ओटी की सुविधा शुरू होने से पछुवादून, जौनसार बावर, टिहरी, उत्तरकाशी और हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के मरीजों को सुविधा मिलेगी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह, सीएमएस डा. विजय सिंह, डा. नरेंद्र चौहान, डा. महेंद्र सिंह राय, डा. अनुराग धनिक, रोशन नेगी आदि मौजूद रहे।