सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वालापुर के चिकित्सकों ने मनाया विश्व स्वास्थ्य दिवस
जीवन में चिकित्सकों की अहम भूमिका-रवि बहादुर
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि चिकित्सकों को विश्व स्वास्थ्य दिवस की बधाई दी और मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विधायक रवि बहादुर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में चिकित्सक की अहम भूमिका है। स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या आने पर चिकित्सक के पास जाना पड़ता है। दिन रात लोगों की सेवा में व्यस्त रहने वाले चिकित्सकों ने कोरोना काल में करोड़ों लोगो की जान बचाई। सभी को चिकित्सकों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक निधि से वाटर कूलर लगवाने की घोषणा भी की। डा.मनीष दत्त ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दिन रात मरीजों की सेवा में लगा हुआ है। सभी चिकित्सक अपने कार्य को पूरी निष्ठा से करते हैं। स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है। इस अवसर पर डा.धीरेंद्र, डा.रुखसार, डा.नमिता, डा.नताशा, सुरेंद्र कुमार, डा.विकास, डा.अंशुल आदि उपस्थित रहे।
मां की डांट से नाराज होकर हरिद्वार आए बालक को परिजनों से मिलाया
मां के डांटने पर नाराज होकर बदांयू से हरिद्वार आए बालक को पुलिस ने परिजनों से मिलवाया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सुभाषघाट पर दो 10 व 11 वर्ष के बालक लावारिस अवस्था में घूमते मिले। पुलिस के पूछताछ करने पर बच्चों ने बताया कि माँ के डांटने पर नाराज होकर वे परिजनों को बिना बताए हरिद्वार चले आए हैं। पुलिस ने बच्चों की काउंसलिंग की गई तो उन्होंने अपना नाम पता सूरज पुत्र गजेंद्र निवासी ग्राम सेमर जिला बदायूं उ.प्र. एवं वंश सैनी पुत्र दिनेश सैनी निवासी लक्सर (नाम व पता काल्पनिक) बताया। पुलिस ने दोनों बच्चों को रेस्क्यू कर जलपान कराया गया तथा मेडिकल कराने के बाद उन्हें आश्रय के लिए बाल कल्याण समिति रोशनाबाद के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद बाल कल्याण समिति रोशनाबाद के बालको को बालगृह रोशनाबाद में प्रवेश कराया । पुलिस ने बालक सूरज पुत्र गजेंद्र निवासी ग्राम सेमरी तहसील गुन्नौर थाना रजपुरा जिला बदायूं के संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस से जानकारी करने पर पता चला कि सूरज के पिता द्वारा थाना रजपुरा में उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी गयी है। यूपी पुलिस के माध्यम से सूरज के पिता से गजेंद्र से बातचीत की गयी तो उन्होने बताया कि मां के डांटने से नाराज होकर सूरज 2 अप्रैल को घर से ही कहीं चला गया था। उसकी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तलाश भी की गयी। लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर परिजन निराश हो गए थे। पुलिस से सूरज के हरिद्वार में होने की जानकारी मिलने पर उसके पिता, दोनों बड़े भाई एवं ग्राम प्रधान व अन्य परिजन बाल गृह हरिद्वार पहुंचे। जहां कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सूरज को उसके परिजनों को सौंप दिया। खोए बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का धन्यवाद किया।
हेमकुण्ड साहिब एवं घांघरिया का हवाई निरीक्षण किया
मुख्य सचिव डा0 एस.एस.सन्धु गुरुवार को गोविन्द घाट चमोली पहुंचे। तत्पश्चात हेमकुण्ड साहिब एवं घांघरिया का हवाई निरीक्षण किया। उसके बाद गोविन्द घाट से पुलना सडक और पैदल मार्ग पर चल रहे कार्यो का निरीक्षण किया। कहा कि गोविन्द घाट से पुलना जाने वाली सडक आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हो गयी उसको यात्रा से पहले सुचारू कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने गोविन्दघाट गुरूद्वारा में पीडब्लूडी,बीआरओ,पीएमजीएसवाई,
मुख्य सचिव ने बद्रीनाथ पहुंचकर मास्टर प्लान के तहत किए जा रहे कार्यो का स्थलीय निरीक्षण किया तथा बीआरओ गैस्ट हाउस में कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों ने उन्हें कार्यों की अद्यतन स्थिति के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा जहां पर कार्यों में व्यवधान हो रहा है तुरन्त जिलाधिकारी से मिलकर कार्य को पूर्ण कराना सुनिश्चत करें। कार्यदायी संस्थाओं को कार्यो को समयबद्धता के साथ पूरा करने के साथ टाइमलाइन देने के निर्देश दिए। और कहा कि मैं हर महीने स्वयं निरीक्षण करूंगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है वे स्वयं भी इसकी मानीटरिंग कर रहे हैं।
श्री बद्रीनाथ धाम में बडे पैमाने पर निर्माण कार्य होने हैं और नयी टाउनशिप बननी है इसके लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है और अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि 7-8 महीन में कार्य पूर्ण हो जाएंगे।
इस दौरान पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, बद्रीनाथ केदारनाथ समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह विंद्रा, एडीएम हेमन्त वर्मा, एसडीएम कुमकुम जोशी, इंजी,धर्मेश गंगानी, मुख्य अभियन्ता अयाज अहमद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम धामी ने’श्री रामकथा’ में प्रतिभाग किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार पतंजलि योगपीठ में परम पूज्य श्री मोरारी बापू जी के सानिध्य में आयोजित ’श्री रामकथा’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री धामी ने श्री मोरारी बापू एवं पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी राम देव का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवजाति में कथा श्रवण का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिल पाता, जिन्हें मिलता है, वे बड़े भाग्यशाली होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कथा श्रवण से मोक्ष मार्ग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि श्री मोरारी बापू की कथा सुनने का उन्हें दूसरी बार सौभाग्य प्राप्त हुआ है, इससे पूर्व कई वर्षों पहले वे अल्मोड़ा स्थित डोल आश्रम में भी कथा श्रवण कर चुके हैं।
इस दौरान पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव , आचार्य बालकृष्ण एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सीएम व जोशी का स्वागत किया
मसूरी टॉउन हॉल सभागर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। राज्य में भाजपा को लगातार दूसरी बार पूरा समर्थन देने पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक नई कार्य संस्कृति एवं कार्य व्यवहार आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड के राज्य आन्दोलनकारियों का स्मरण करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड को राज्य आन्दोलनकारियों के सपनों के अनुरूप प्रदेश बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्प है। हमने जनता से जो वायदे किये हैं, वे सभी पूरे किये जायेंगे। राज्य में नई सरकार के गठन के बाद पहली केबिनेट में उत्तराखण्ड के सभी लोगों के लिए एक समान कानून के लिए समिति बनाने को केबिनेट से मंजूरी दी गई है । जल्द ही विशेषज्ञों की कमेटी बनाकर ड्राफ्ट तैयार किया जायेगा। पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर प्रतिदिन 500 रूपये किया गया है। सरकार ने पति-पत्नि दोंनों को वृद्धावस्था पेंशन देने का निर्णय लिया है और इसकी धनराशि भी बढ़ाई है। प्रदेश में गरीब परिवारों को एक साल में तीन गैस सिलेण्डर मुफ्त देने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए बजट का प्राविधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में अनेक विकास कार्य हो रहे हैं। केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई, रेल, सड़क कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। भव्य एवं दिव्य केदारपुरी का निर्माण हुआ है। श्री बद्रीनाथ में विभिन्न कार्यों के लिए केन्द्र सरकार से 250 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिल चुकी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन पर तेजी से कार्य हो रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में एम्स ऋषिकेश में अनेक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जायेगा। मसूरी के लोगों के लिए विभिन्न प्रमाण-पत्र बनाने के लिए कहीं और न जाना पड़े, इसके लिए मसूरी में व्यवस्था की जायेगी। सिफनकोट में लोगों के मकान जल्द बनवाये जायेंगे। मसूरी में गढ़वाल सभा के भवन के लिए 1.5 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी जा चुकी है।
केबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा सरकार बनाने पर जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन अपेक्षाओं के आधार पर प्रदेश का विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मसूरी की जनता का उन्हें हर बार आशीर्वाद मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री को मसूरी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर मसूरी के नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, भाजपा के देहरादून जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुण्डीर, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, भाजपा के मसूरी मण्डल अध्यक्ष मोहन पेटवाल एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
सीएम ने चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर गुरुवार को मसूरी में राजकीय उप चिकित्सालय मसूरी को डी. एल.एफ. द्वारा प्रदान किए गए चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी उप चिकित्सालय के लिए डी.एल.एफ द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उप चिकित्सालय मसूरी में आधुनिक सी.टी स्कैन मशीन,आर्म मशीन, इमरजेंसी वेंटिलेटर का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा की मसूरी उप चिकित्सालय में इन आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से मसूरी एवं आस पास के क्षेत्रों धनोल्टी, नैनबाग एवं जौनपुर के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा की प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, मसूरी के नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनुज गुप्ता, पूर्व विधायक श्री जोत सिंह गुनसोला, भाजपा के देहरादून जिलाध्यक्ष श्री शमशेर सिंह पुंडीर, भाजपा के मसूरी मंडल अध्यक्ष श्री मोहन पेटवाल आदि उपस्थित थे।
जी-20 राष्ट्रों की अध्यक्षता ग्रहण करने हेतु होंगी दून में बैठक
माह दिसम्बर 2022 से एक वर्ष के लिए भारत जी-20 राष्ट्रों की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। इस दौरान पूरे भारत वर्ष में लगभग 200 बैठकें एवं सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। जिसमें 40 देश तथा अन्तराष्ट्रीय संगठन भाग लेगें। उक्त के तैयारियों के संबंध में आज बीजापुर गेस्ट हाऊस में जिलाधिकारी डाॅ0 आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में विदेश मंत्रालय भारत सरकार की टीम के साथ बैठक कर जनपद देहरादून में प्रस्तावित सेमिनार/बैठक की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा हुई। इसके उपरान्त जिलाधिकारी एवं विदेश मंत्रालय भारत सरकार से आयी टीम द्वारा जनपद अवस्थित स्थानीय होटल, ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण भी किया। ज्ञातव्य है कि भारत सरकार इन बैठकों के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों को भारतीय संस्कृति तथा ऐतिहासिक महत्व के स्थानों का अवलोकन कराया जाएगा।
इस अवसर पर डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मजेय खण्डूरी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, विदेश मंत्रालय भारत सरकार की टीम के सदस्य सहित नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चैहान, निदेशक संस्कृति विभाग बीना भट्ट, जिला पर्यटन अधिकारी जसवंत सिंह चैहान, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
धार्मिक उन्माद, भड़काऊ सामाग्री का प्रसारण रहेगा बंद
धार्मिक उन्माद, भड़काऊ सामग्री का प्रसारण करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। शिकायत पर दोषी पाए जाने पर दो वर्ष की सजा और जुर्माना भी लगेगा। गुरुवार को कलक्ट्रेट में जनपद में टीवी, केबल चैनलों, रेडियो, एफएम पर प्रसारित होने वाले प्रसारणों को लेकर सतत अनुश्रवण एवं प्राप्त शिकायतों के निवारण को जिला स्तरीय मानिटरिग कमेटी की बैठक हुई। डीएम विनीत कुमार ने कहा कि स्थानीय टीवी चैनल, एफएम रेडियो भारत की सम्प्रभुता और अखंडता, राज्य सुरक्षा हितों लोक व्यवस्था, शिष्टता, नैतिकता, न्यायालय की अवमानना, मानहानि या अपराध उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रसारण करेंगे। धार्मिक उन्माद, भड़काऊ सामाग्री का प्रसारण कतई नहीं करेंगे। ऐसा प्रसारण करने में पहली बार दो वर्ष की सजा व जुर्माना दोनों हो सकता है। नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें जिलाधिकारी अध्यक्ष व पुलिस अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, प्राचार्य राजकीय डिग्री कालेज कांडा, प्रधानाचार्य जीजीआइसी, दूरदर्शन केशव भट्ट, आदर्श ज्ञानार्जन विद्यालय समिति के मोहन चंद्र जोशी, निदेशक जन शिक्षण संस्थान डा. जितेंद्र तिवारी सदस्य हैं। किसी को भी कोई शिकायत हो तो वे अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित शिकायत सेल में शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने टीवी केबल चैनलों, एफएम रेडियो में प्रसारित होने वाली सामाग्री को 90 दिनों तक अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखने के निर्देश आपरेटरों को दिए। ताकि किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर प्रसारित विषय वस्तु प्राप्त की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी चंद्र सिंह इमलाल, पुलिस उपाधीक्षक विपिन पंत, जिला सूचना अधिकारी गोविद सिंह बिष्ट, प्रतिनिधि आदर्श ज्ञानार्जन विद्यालय समिति मोहन चंद्र जोशी, निदेशक जन शिक्षण संस्थान बागेश्वर डा. जितेंद्र तिवारी, प्राचार्य राजकीय डिग्री कालेज कांडा डा. मधूलिका पाठक आदि मौजूद थे।
भाजपा मंडल एवं ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने पार्टी का (42 ) स्थापना दिवस मनाया
भाजपा मंडल एवं ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने पार्टी का (42 ) स्थापना दिवस मनाया। उन्होंने भाजपा की नीतियों से लोगों को अवगत कराया। बुधवार को पर्वती सभा पेंट पड़ाव में एलईडी स्क्रीन लगाकर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड से पर्वतीय सभा तक रैली निकालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यस्थल पर उद्बोधन सुना। इस मौके पर नगर अध्यक्ष भावना भट्ट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, मंडी समिति के अध्यक्ष राकेश नैनवाल, जगमोहन सिंह बिष्ट, भागीरथ लाल चौधरी, जिला मंत्री रुचि गिरी शर्मा, मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह आदि मौजूद थे।


















