रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील स्याल्दे के अंतर्गत ग्राम रतखेत में बीते दिवस हुये आपसी विवाद में एक बुजुर्ग महिला की हत्या में गांव का ही 75 वर्षीय बुजुर्ग नामजद आरोपी को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दराती को बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्र शेखर घोडके के निर्देश पर घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए अधीनस्थ अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। समस्त वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने के लिए फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल पर साक्ष्य संकलित कराए गये। मृतका के भाई हरीश चन्द्र ढौडियाल पुत्र नारायण दत्त ढौडियाल निवासी ग्राम रतखेत बसई ने 19 सितम्बर को थाना में तहरीर दी गई कि राजे सिंह ने उनकी बहन तुलसी देवी उम्र 65 वर्ष, के साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से सिर एवं शरीर पर प्राणघातक हमला कर उनकी हत्या कर दी।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना देघाट में मु0 FIR संख्या 13/2026 धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजे सिंह बोरा उर्फ राजा बाबू उर्फ राजेन्द्र सिंह उम्र 75 वर्ष, पुत्र दौलत सिंह, निवासी ग्राम रतखेत बसई की तलाश करते हुए पहाड़ी व जंगलों में लगभग ढाई घंटे कॉम्बिंग करते हुए एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को थाना क्षेत्रांतर्गत से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की दराती भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पिछले लगभग 04 वर्षों से मृतका द्वारा घर के सामने स्थित खेती एवं क्यारियों को लेकर उसके तथा उसके परिजनों के साथ आये दिन गाली-गलौज की जाती थी। 19 सितम्बर को भी तुलसी देवी के साथ उसकी गाली-गलौज हुई थी। इसी बात को लेकर हुई आपसी कहासुनी के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम में देघाट थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद, विवेचक उपनिरीक्षक गंगा राम गोला, हेड कांस्टेबल नीरज बिष्ट, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा, कांस्टेबल अशोक बिष्ट शामिल रहे।
