22.2 C
Dehradun, IN
September 15, 2026
https://primetimesnewz.com/
उत्तराखंड

डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में हुआ शिक्षक अभिभावक संघ का गठन

Parent-Teacher Association formed at Dr. Pratap Bisht Government College, Bhikiasain.

रिया सोलीवाल, भिकियासैंण

भिकियासैण (अल्मोड़ा)। डा. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में शैक्षणिक सत्र 2026–27 हेतु शिक्षक-अभिभावक संघ गठन हेतु एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना के दिशा-निर्देशन व प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनप्रीत सिंह की अध्यक्षता में किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक, अनुशासनात्मक एवं सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक एवं अभिभावकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान उपस्थित अभिभावकों एवं संबंधित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से श्रीमती गीता बिष्ट को शिक्षक-अभिभावक संघ का अध्यक्ष तथा पूरन प्रकाश को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया।

बैठक में शिक्षक-अभिभावक संघ के नोडल अधिकारी डॉ. साबिर हुसैन द्वारा संघ की भूमिका एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं अभिभावकों के मध्य नियमित संवाद एवं समन्वय से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, अनुशासन, व्यवहार तथा अन्य गतिविधियों पर सकारात्मक रूप से कार्य किया जा सकता है। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समयबद्ध ढंग से समझकर उनके समाधान हेतु संयुक्त प्रयास किए जाने पर बल दिया गया।

बैठक में आगामी 29 सितंबर 2026 को प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, महाविद्यालय की गणवेश, अनुशासन, समय-पालन तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। अभिभावकों से अपेक्षा की गई कि वे अपने पाल्यों की नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन के प्रति जागरूकता बनाए रखने में महाविद्यालय का सहयोग करेंगे।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती गीता बिष्ट व उपाध्यक्ष पूरन प्रकाश ने विद्यार्थियों के हित में शिक्षक एवं अभिभावकों के मध्य प्रभावी एवं निरंतर समन्वय स्थापित करने तथा शिक्षक-अभिभावक संघ के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं शैक्षणिक प्रगति के संबंध में शिक्षक एवं अभिभावक मिलकर सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास करेंगे।

बैठक के अंत में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित की गईं तथा आशा व्यक्त की गई कि शिक्षक-अभिभावक संघ महाविद्यालय एवं अभिभावकों के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही महाविद्यालय की गुणवत्ता एवं शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

सभी राज्यों को  एनसीईआरटी से उपलब्ध हो पाठ्यपुस्तकेंः डॉ. धन सिंह रावत

Primetimes Newz

धामी कैबिनेट के 17 बड़े फैसले: उपनलकर्मियों को समान काम-समान वेतन, शहीदों के गांव में लगेंगी मूर्तियां

Primetimes Newz

मालदेवता दुर्घटना में मृत युवक के परिजनों से मिले  मंत्री गणेश जोशी, हर संभव सहायता का दिया भरोसा

Primetimes Newz

Leave a Comment