Home उत्तराखंड बैठक में भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की

बैठक में भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की

विकासनगर। चकराता विधानसभा के कालसी और चकराता मंडल की भाजपा कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, चकराता विधानसभा के लिए नई योजनाएं स्वीकृत कराने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही बैठक में राजनैतिक प्रस्ताव भी पारित किए गए। कालसी ब्लॉक सभागार में मंगलवार को कालसी मंडल कार्यसमिति की बैठक हुई। मंडल प्रभारी मीता सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन की रीति नीति से अवगत कराया। जिला महामंत्री अरुण मित्तल सरकार और संगठन के बीच सामंजस्य बनाते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि भाजपा शासन काल में चकराता विधान सभा में चहुंमुखी विकास हुआ है। सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार हुआ है। कहा कि प्रदेश सरकार और जिला योजना के तहत हुए विकास कार्यों के चलते ही विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 27 हजार से अधिक मत मिले। उन्होंने कहा कि नागथात पंपिंग पेयजल योजना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे पर्यटन स्थल नागथात के साथ ही एक दर्जन से अधिक गांवों को पेयजल किल्लत से निजात मिली है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रदेश सरकार के साथ ही जिला योजना से क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे।