विकासनगर। राजस्व विभाग ने विकासनगर क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वाहन सीज किए हैं। इनके खिलाफ अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। सीज किए गए वाहनों में दो डंपर, दो ट्रैक्टर ट्रॉली और एक ट्रक शामिल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन, भंडारण और अवैध परिवहन की सूचनाओं पर नियमित छापेमारी करते हुए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के अनुपालन में विकासनगर तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ के नेतृत्व में राजस्व विभाग द्वारा रविवार देर रात को अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पांच वाहन सीज किए गए। जिनमें चार वाहन बिना रवन्ना के अवैध खनन सामग्री ले जा रहे थे, जबकि ट्रक में रवन्ने में अंकित मात्रा से अधिक खनन सामग्री रखी गई थी। बिना रवन्ना और क्षमता से अधिक उपखनिज से ले जाने पर सभी वाहनों को उत्तराखंड उप खनिज नियमावली के तहत सीज कर दिया गया है। जबकि अर्थदंड की कार्रवाई गतिमान है। जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया है कि अवैध खनन, परिवहन, भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। रात्रि में विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।