न्याय पंचायत श्यामपुर के अंतर्गत ठाकुरपुर, नेपालीफार्म में गुलदार ने एक बछिया को मार डाला। सुबह सबेरे घटना की जानकारी मिलते ही गांव में गुलदार की दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बसे ठाकुरपुर, नेपालीफार्म में देर रात गुलदार ने गांव के ही सुशील बडोनी के घर के पीछे बनी गोशाला में धावा बोलकर एक बछिया को मार डाला। रविवार सुबह बछिया मृत मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी बीडीसी मेंबर श्रीकांत रतूड़ी ने वन विभाग को देकर गांव में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की। ग्रामीण विनोद जुगलान, मान सिंह राणा ने बताया कि ठाकुरपुर, खदरी गांव जंगल से सटे हैं, जहां गुलदार की सक्रियता बनी रहती है, लेकिन ठाकुरपुर में इस तरह का पहला मामला है। ऋषिकेश वन रेंज के क्षेत्राधिकारी ललित मोहन सिंह नेगी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।
मीरानगर में नजर आया गुलदार: आईडीपीएल से सटे मीरानगर में बीते गुरुवार को गली नंबर 14 में निर्माणाधीन मकान में एक गुलदार घुस गया था। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने मौके पर दो पिंजरे लगा रखे हैं, लेकिन तीन दिन बाद भी गुलदार पिंजरे में नहीं फंसा। वनक्षेत्राधिकारी एलएमएस नेगी ने बताया कि दो दिन से नजर नहीं आने वाला गुलदार देर रात गश्ती टीम को दिखायी दिया। बताया कि संभवतया वह घायल है। दावा किया कि जल्द ही वह पिंजरे में फंस जाएगा। रविवार से रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है।

















