रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
अल्मोड़ा। सोशल मीडिया पर शमशेर सिंह नामक व्यक्ति द्वारा प्रकाशित एक पोस्ट को लेकर विभिन्न संगठनों एवं संभ्रांत नागरिकों ने आपत्ति जताई है। पोस्ट के गहन अध्ययन के बाद इसे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के स्वरूप और पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्ट में आसमान की ओर अंगुली उठाने और नीले सूट जैसी बातों का उल्लेख किया गया है, जिसे लेकर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है।
ज्ञापन में कहा गया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्व के महान विद्वानों में शामिल रहे, तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री भी रहे। ऐसे महान व्यक्तित्व को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामाग्री प्रकाशित किया जाना निंदनीय है।
इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों की ओर से जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन देने वालों में एडवोकेट नारायण राम व वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिल शिल्पकार महासंघ, वरिष्ठ एडवोकेट गोविंद लाल वर्मा, एडवोकेट केवल सती, बार एशोसियेशन कोषाध्यक्ष रमाशंकर नैनवाल, पार्षद एडवोकेट मुकेश कुमार, एडवोकेट वंदना कोहली, अध्यक्ष त्रिलोचन अंबेडकर समाज समिति नथुवा खान, दिनेश राज निदेशक सारथी फाउंडेशन अल्मोड़ा, जीवन चंद्र एडवोकेट अल्मोड़ा, मनोज पंत एडवोकेट आदि शामिल रहे।
