विकासखण्ड खिर्सू व नगर निगम श्रीनगर में विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में करेंगे जनसम्पर्क, लोगों की सुनेंगे समस्याएं
देहरादून, 03 मई 2026
सूबे के कैबिनेट मंत्री डाॅ धन सिंह रावत आगामी 4 व 5 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दौरे पर रहेंगे। दो दिवसीय भ्रमण के दौरान वह नगर निगम श्रीनगर व खिर्सू विकासखण्ड में मूलभूत सुविधाओं व विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे, साथ ही क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण भी करेंगे। डाॅ. रावत इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनसम्पर्क कर आम लोगों की समस्याओं को भी सुनेंगे।
कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने अपने क्षेत्र भ्रमण पर रवाना होने से पहले बताया कि वह 4 व 5 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दौरे पर रहेंगे। दो दिवसीय भ्रमण के दौरान वह क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लेंगे साथ ही जनसम्पर्क कर आम लोगों से भी मिलेंगे। डाॅ. रावत ने बताया कि सोमवार 4 मई को वह श्रीनगर में पुलिस विभाग के सभागार में नगर निगम श्रीनगर की समीक्षा बैठक लेंगे। जिसमें निगम क्षेत्र व आस-पास के इलाकों की पेयजल व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा और सीवर लाइन सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके उपरांत पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर काॅलेज श्रीनगर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। डाॅ. रावत कोठगी में आयोजित पौराणिक ‘कठबद्दी मेले’ में शामिल होने के उपरांत खण्डखिल, चोपड़ा, छोया-बग्याली व चैंरीखाल-गोदा में जनसम्पर्क करेंगे और आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इसके बाद डाॅ. रावत बूंखाल-कालिंका मंदिर में दर्शन करेंगे साथ ही मंदिर परिसर में चल रहे सौन्दर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।
मंगलवार को डाॅ. रावत विकासखण्ड खिर्सू के सभागार में ब्लाॅक स्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे, जिसमें विकासखण्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेंगे, साथ ही नई योजनाओं पर चर्चा भी करेंगे। समीक्षा बैठक में स्थानीय प्रशासन सहित कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, सहकारिता, पर्यटन आदि विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके उपरांत वह खिर्सू में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। डाॅ. रावत कठुली में राजकीय इंटर काॅलेज में विज्ञान प्रयोगशाला एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों का भी शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह सिंगोरी, मिदाणगांव, थापला, चिमन्यूं, जाख, असिंगी, दांदणी, चमराडा, नयालगढ़, खालू आदि गांवों में जनसम्पर्क कर आम लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह खण्डाह व श्रीकोट में भी जनसम्पर्क स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे।

















