रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैण (अल्मोड़ा) विकास खंड सल्ट के स्याल्दे सीमा क्षेत्र से लगे बसेड़ी बसनाल इलाके में गुलदार की दिन व रात में लगातार दस्तक से ग्रामीणों में दशहत बनी हुयी है। प्रधान महिमा देवी ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। वन विभाग बीट मानिला से वन विभाग की टीम यहां पहुंची,जहां ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान बीट प्रभारी भरत रावत ने ग्रामीणों को सचेत रहने के लिए रात को घरों के बाहर लाइट खुली रखने, खेतों में अकेले काम करने नहीं जाने को कहा। ग्रामीणों ने वन पंचायत के माध्यम से झाड़ियों का कटान करने व गुलदार को कैद करने हेतु शीघ्र पिजरा लगाने की पूरजोर मांग की है।
वन विभाग टीम ने क्षेत्र में गस्त कर गुलदार की चहलकदमी के निशानों का जायजा भी लिया। गुलदार ने गांव के बीच ही एक बंदर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। जबकि रविवार दिन में बकरियों को निशाना बनाने जा रहा गुलदार पर दो कुत्ते भीड़ गये तथा लोगों के हो हल्ला करने के बाद गुलदार भाग निकला। ग्रामीणों ने कहा है कि पूर्व में भी गुलदार बसेड़ी व आसपास के गावों में अनेकों मवेशियों को अपना निशाना बना चुका है। जिससे ग्रामीणों में भारी दशहत व्याप्त है।
