18.3 C
Dehradun, IN
October 13, 2026
https://primetimesnewz.com/
उत्तराखंड

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में 01 जुलाई से शुरू होंगे प्रवेश, नए कोर्स के साथ ही छात्रहित की भी कई सुविधाएं लागू

Admissions at Uttarakhand Open University will commence on July 1; along with new courses, several student-friendly facilities are also being introduced.

कुलदीप कुमार, नैनीताल

हल्द्वानी (नैनीताल)।उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू), हल्द्वानी में जुलाई सत्र 2026 की प्रवेश प्रक्रिया 01 जुलाई से शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कई नई छात्रहित सुविधाएं लागू की गई हैं, साथ ही नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं।

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय में वर्तमान में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा और 29 प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। इस सत्र से डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज़ और मानवाधिकार प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। वहीं, बीएलआईएस (BLIS) और बी.एड. (ODL) में प्रवेश प्रक्रिया यूजीसी-डीईबी की इंटरफेस बैठक के निर्णय के बाद शुरू होगी।

विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा के लिए सभी सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों में सेमेस्टरवार शुल्क जमा करने की व्यवस्था लागू की है, जिससे एकमुश्त आर्थिक बोझ कम होगा। किसी भी पाठ्यक्रम को पूरा करने वाले विद्यार्थी स्वतः विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र (Alumni) के रूप में पंजीकृत होंगे तथा मूल्यांकन ब्लूम्स टैक्सोनॉमी के आधार पर किया जाएगा।

एमबीए, एमसीए, एमटीटीएम, बी.एड. स्पेशल एजुकेशन, एम.एड. स्पेशल एजुकेशन, बी.ए. योग (ऑनर्स) और एम.ए. योग कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन भी 1 जुलाई से उपलब्ध होंगे।

प्रवेश के लिए DEB-ID और ABC-ID अनिवार्य होंगे। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को क्रेडिट मोबिलिटी, मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एग्जिट जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

विश्वविद्यालय के 144 शिक्षार्थी सहायता केंद्र (LSCs) विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। सैनिकों और जेल बंदियों के लिए भी विशेष सहायता केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।

छात्रहित में कई शुल्क रियायतें भी दी गई हैं। थर्ड जेंडर विद्यार्थियों के लिए पूर्ण शुल्क माफी, बीएससी और एमएससी के प्रायोगिक विषयों में कार्यशाला शुल्क पर 30 प्रतिशत छूट तथा ESLM विकल्प चुनने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रदेश और देशभर के विद्यार्थियों से जुलाई सत्र 2026 में प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय की आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख शिक्षा सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

Related posts

19 अगस्त की याद मे देघाट में धूम धाम से मनाया शहीद दिवश

Primetimes Newz

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में “तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा” का  किया गया भव्य आयोजन

Primetimes Newz

नकल माफिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ गरजी यूथ कांग्रेस  

Primetimes Newz

Leave a Comment