Home उत्तराखंड उत्तराखंड के धामों के संरक्षण एवं विकास के लिए सरकार पूरी तरह...

उत्तराखंड के धामों के संरक्षण एवं विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: धामी

Government fully committed to the conservation and development of Uttarakhand's sacred shrines Dhami
Government fully committed to the conservation and development of Uttarakhand's sacred shrines Dhami

दन्या की जनसभा में मुख्यमंत्री धामी ने विकास और पर्यटन पर रखा फोकस, दी विकास योजनाओं की सौगात
अल्मोड़ा।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या में 495.88 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समेकित विकास सरकार की प्राथमिकता है और उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार निर्माण, चमतोला खेल मैदान का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर स्थल के सौंदर्यीकरण, खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए मास्टर प्लान के तहत वहां विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके धामों से है और सरकार उनके संरक्षण एवं विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद और योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिली है, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ फिल्म अनुकूल राज्य बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। नक़ल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में युवाओं का विश्वास बढ़ा है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए कार्य कर रही है। इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह महरा ने क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित लगभग 40 प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों का परीक्षण कर अधिकांश मांगों को विकास योजनाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे और श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर कथा श्रवण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।