देहरादून। देहरादून वन प्रभाग की मालसी रेंज में लंबीधार–किमाड़ी मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन विभाग के कार्मिकों, फायर वाचरों व स्थानीय सहयोगियों ने मिलकर वन क्षेत्र और एलकेडी मार्ग के आसपास फैले प्लास्टिक, कांच, थर्माकोल सहित अन्य अजैविक कचरे को एकत्र कर उसके निस्तारण की व्यवस्था की।वन विभाग के अनुसार प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर वन क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में कूड़ा न फैलाएं, क्योंकि इससे पर्यावरण और वन्यजीवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विभाग ने चेतावनी दी कि वन क्षेत्रों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ वन कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

















