विकासनगर। सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक स्कूल के 6 छात्र छात्राएं कोटी भद्राज मंदिर मार्ग पर ट्रेकिंग के दौरान रास्ता भटक गए। लौटने के दौरान जंगल के रास्ते में भारी बारिश लगने के साथ ही अंधेरा होने पर छात्रों की मुश्किलें बढ़ गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर छात्र छात्राओं को सकुशल घर पहुंचाया। गुरुवार रात को करीब साढ़े दस बजे सहसपुर पुलिस को कोटी भद्राज मंदिर मार्ग पर तीन छात्राओं सहित कुल छह छात्रों के जंगल के रास्ता भटकने से फंसे होने की सूचना मिली। इस पर थानाध्यक्ष नरेंद्र राठौर के नेतृत्व में गठित पुलिस दल मौके लिए रवाना हुई। करीब चार घंटे तक सात किमी खड़ी चढ़ाई चढ़ने और लगातार छात्र छात्राओं के मोबाइल फोन की लोकेशन लेते हुए पुलिस दल छात्र छात्राओं के पास पहुंचा। जहां भारी बारिश में भीगने के कारण जंगल के अंदर छात्र छात्राएं अंधेरे में बेहद डरे और सहमे हुए थे। तंग रास्ते पर एक इंच भी आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। पुलिस कर्मियों के साहस भरने व छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित कर रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें जंगल की पगडंडियों से बाहर निकालकर सुरक्षित पहुंचाया। इनमें ऋत्विक अरोड़ा पुत्र चंद्रमोहन निवासी हरियाणा, अनुकूल सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी कुशीनगर उत्तर प्रदेश, आर्यन पुत्र वीरेंद्र निवासी आगरा यूपी, प्राप्ति मोहंती पुत्री पीसी मोहंती निवासी नोएडा, शिप्रा भास्कर पुत्री महेंद्र भास्कर निवासी गाजियाबाद, महक पुत्री अशोक निवासी मोती नगर दिल्ली ने घर पहुंचकर राहत की सांस ली। उन्होंने सहसपुर पुलिस का आभार किया। पुलिस के अनुसार सभी डीबीएस कालेज सेलाकुई में पढ़ते हैं। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि स्कूल प्रशासन को अवगत करा सभी को सुरक्षित सौंप दिया है। पुलिस टीम में एसएसआई रविंद्र सिंह नेगी, एसआई निखिलेश सिंह, कांस्टेबल जगजीत सिंह, मुकेश कुमार, रंजीतसिंह, परवेंद्र, यशपाल, कुलदीप राज आदि शामिल रहे।

















