मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित हिंदू संगठनों से जुड़े सदस्यों ने शनिवार को डोईवाला में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीते पांच अप्रैल को हिमालयन चौक जौलीग्रांट में हुई मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर आक्रोश जताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। शनिवार को हिंदू संगठनों से जुड़े लोग डोईवाला कोतवाली के समक्ष एकत्रित हुए। वहां उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी डोईवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्र शेखर आर घोड़के से कहा कि बीती पांच अप्रैल को हिमालयन चौक जौलीग्रांट में स्थानीय युवकों के साथ मारपीट की वारदात हुई थी। इसमें अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक चंद्र शेखर आर घोड़के ने जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच, हनुमान चालीसा टोली भानियावाला, भैरो सेना से जुड़े कार्यकर्ताओं में संदीप सिंह, एके सिंह, मनीष सजवाण, सुबोध नौटियाल, सुखदेव चौहान, जोध सिंह बंगारी, अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।

















