Home उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष ने किया जनता से  संवाद

विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष ने किया जनता से  संवाद

विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश डीपी गैरोला ने रविवार को चकराता पहुंच कर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। रविवार सुबह चकराता पहुंचे विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष का स्थानीय लोगों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर पारंपरिक तौर से स्वागत किया। उसके बाद एसडीओ कार्यालय चकराता में उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को जाना। कैंट बोर्ड के सदस्य अनिल चांदना ने कहा कि क्षेत्र में स्नो बांड लागू किया जाए, जिससे जाड़े के मौसम में लोगों को निम्न दरों पर बिजली आपूर्ति हो सके और स्थानीय लोगों को सरकार की इस सुविधा का लाभ मिल सके। कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष पंकज जैन ने कहा कि जौनसार बावर और यमुना वैली क्षेत्र में कहीं भी 220 केवी का विद्युत सब स्टेशन नहीं है। पूरे क्षेत्र में लगभग 70 से डेढ़ सौ किलोमीटर दूर ढकरानी से आ रही लंबी लाइन से बिजली आपूर्ति होती है। जिससे ब्रेकडाउन या अन्य समस्या आने पर लाइन ठीक होने में लंबा समय लग जाता है। कहा यदि क्षेत्र में पावर हाउस होगा तो खराबी कम आएगी और विभाग का लाइनलॉस भी बचेगा। अध्यक्ष ने इन सभी मामलों पर जल्द से जल्द कार्यवाही के लिए शासन से वार्ता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जौनसार बावर में पिछले 5 वर्ष में विद्युत व्यवस्था में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं, जो पहाड़ों के लिए एक अच्छा संकेत है। उन्होंने चकराता सब स्टेशन की समस्त व्यवस्थाओं को देख संतोष जताया। इस दौरान एसडीओ अशोक कुमार, कमल रावत, तीर्थ कुकरेजा, दिनेश चांदना, हरबंश कुकरेजा, गोपाल, नारायण कोठारी, अश्विन शर्मा, राजकिशोर, केदार नेगी, परम सिंह, संदीप आदि मौजूद रहे।