रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैण (अल्मोड़ा)। जनपद में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस ने एक व्यक्ति को 96 पव्वे अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को भतरौजखान-उगलिया मार्ग पर परिजात होटल के नीचे स्थित मोड़ पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 02 पेटियों में शराब बरामद हुई। इनमें 48 पव्वे मैकडॉवेल्स नंबर-1 और 48 पव्वे जूली मसालेदार देशी शराब के टेट्रा पैक शामिल थे।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चंद्रशेखर पुत्र दामोदर, निवासी डढूली थाना भतरौजखान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
