विकासनगर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को पछुवादून के शिक्षण संस्थानों की ओर से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम जनता को हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जागरूक किया गया।वीर शहीद केसरी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में तिरंगा यात्रा, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. दिलीप सिंह नेगी ने छात्रों को विभाजन के विभिषिका की जानकारी दी। कहा कि आजादी के जश्न को मनाने के साथ ही हमें विभाजन के दंश को भी नहीं भूलना चाहिए। कॉलेज परिसर से शुरू हुई यात्रा डाकपत्थर चौक तक गई। चौक पर छात्रों को तिरंगा प्रतिज्ञा दिलाई गई। इसके बाद बीएड विभाग परिसर में तिरंगा संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली के माध्यम से लोगों को देश की आन बान शान के प्रतीक तिरंगे के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों को भारत के स्वाधीनता संग्राम की जानकारी दी। प्राचार्य प्रो. आशुतोष शरण ने छात्र-छात्राओं को आजादी की यादों को संजोए रखने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद छात्रसंघ की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
—–
भाजपाइयों ने भाऊवाला निकाली तिरंगा यात्रा
सेलाकुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसएन मेमोरियल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर भाऊवाला में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में शामिल विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि तिरंगा हमारी आन बान और शान का प्रतीक है। देश के कोने-कोने में तिरंगा यात्राएं निकालकर हर घर तिरंगा पहुंचाया जा रहा है। तिरंगा यात्रा में मंडल अध्यक्ष पिंकी देवी, बबीता पुंडीर, यशपाल सिंह नेगी, सुखदेव फर्सवाण, अनिल नौटियाल, खेमलता नेगी, रमा थापा, प्रेम लता, रीता, यशपाल कैन्तूरा आदि शामिल रहे।