देहरादून(आरएनएस)। नैनबाग क्षेत्र से जिला चिकित्सालय (कोरोनेशन) देहरादून के बर्न वार्ड में भर्ती कराई गई टिहरी गढ़वाल के कोटी निवासी 21 वर्षीय युवती का ‘कंपोजिट स्किन ग्राफ्टिंग प्रोसीजर’ से सफल इलाज किया गया है। करीब 50 प्रतिशत से अधिक जली अवस्था में आई इस मरीज की जटिल सर्जरी बर्न एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जन डॉ. कुश एरन की अगुवाई में हुआ। पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह ने बताया कि मरीज अस्पताल में लगभग एक महीने से भर्ती थी, लेकिन इलाज के लिए जरूरी स्किन अरेंज नहीं हो पा रही थी। मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉ. कुश एरन ने अपने व्यक्तिगत स्तर पर नेशनल बर्न सेंटर मुंबई के स्किन बैंक से संपर्क कर त्वचा मंगवाई।उल्लेखनीय है कि पूर्व में वर्ष 2017 में भी डॉ. कुश एरन द्वारा इसी तकनीक से कोरोनेशन अस्पताल में सफल स्किन ग्राफ्टिंग की गई थी। डॉ. कुश के साथ सर्जरी विभाग के डॉ. संतोष, डॉ. रजनी, डॉ. सरोज, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी गीता, नर्सिंग अधिकारी सोनिया, रोशनी, अनामिका, सरोज, सरिता, दीपशिखा, लक्ष्मी, वंदना, कर्मचारी देवेंद्र आदि शामिल रहे। पूरी टीम को सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा एवं पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह ने बधाई दी।

















