Home Blog Page 599

हिजाब प्रकरण पर दून में प्रदर्शन

16.02.2022

हिजाब प्रकरण को लेकर दून की महिलाओं में गुस्सा है। महिलाओं ने इस मुद्दे को सियासत के तहत उठाने और छात्राओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया। कहा कि ऐसी सियासत करने एवं छात्राओं को परेशान करने वाले लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
मंगलवार को दून में पुराने बस स्टैंड से डीएम कार्यालय तक मुस्लिम समुदाय की महिलाओं एवं जिम्मेदार लोगों ने मार्च निकाला। वह अपने हाथों में हिजाब के समर्थन में तख्तियां लिए हुए थे। अगुवाई कर रही वरिष्ठ अधिवक्ता और आप की प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया बेग, उक्रांद के वरिष्ठ नेता लताफत हुसैन ने कहा कि महिलाएं क्या पहनेगी क्या नहीं, यह उनकी मर्जी पर निर्भर करता है और लोकतंत्र ने उन्हें यह अधिकार दिया है। इसीलिए उनको हिजाब पहनने से नहीं रोका जा सकता। हिजाब इस्लाम की तहजीब का प्रतीक है। स्कूल-कॉलेजों में छात्राएं अपनी मर्जी से हिजाब पहनती आ रही है। अब सियासत के तहत इसे सांप्रदायिकता का रंग दिया जा रहा है। जो बेहद गलत और छात्राओं का उत्पीड़न है। ड्रेस कोड बनाते समय यह ख्याल रखा जाए कि प्रदेश मान्यता के सिद्धांतों का समावेश हो और देश की अखंडता एवं सामाजिक समरसता बनी रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। इस दौरान रईस फातिमा, आतिफ अली, कासिफ, शबनम, मुसब्बीर अली, जमीला, रिहाना, आजम, शरीफ, शाहिन, अंजुम, जुबिना, मेहराज, तरन्नुम, हिना आदि मौजूद रहे।

कमिश्नर और डीआईजी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

15.02.2022

चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर कुमाऊं कमिश्नर व डीआईजी कुमाऊं ने मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थों को दिशा निर्देश भी दिए। सोमवार को कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत व डीआईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे ने क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुछ स्थानों पर कमरे के अंदर लाइन लगने पर नाराजगी जताई और अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। ताकि गोपनीय व शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो सके। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कुछ स्थानों पर ईवीएम में गड़बड़ी की सूचना मिली थी। जिसको की जल्द ही रिजर्व मशीनों को लगा कर दूर कर दिया गया।

आदर्श और सखी बूथों पर किया पहले वोटरों को दिया गुलाब  

15.02.2022

मतदाताओं ने सेल्फी प्वाइंट पर ली सेल्फी
काशीपुर। विधानसभा क्षेत्र में बनाये गये आदर्श और सखी बूथों पर वोट डालने आये पहले वोटरों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं इन मतदान केंद्रों पर वोट डालने के बाद मतदाताओं ने बनाये गये सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली।
विधानसभा क्षेत्र में एक दिव्यांग बूथ, तीन आदर्श और दो सखी बूथ बनाये गये हैं। जिन्हें आकर्षक रूप से सजाकर भव्य रूप दिया गया। सोमवार को बूथों पर आने वाले पहले वोटर के साथ ही गर्भवती महिलाओं और 80 साल से अधिक के मतदाताओं को पारंपरिक परिधान पहने बच्चों ने तिलक लगाया। वहीं गेट में तैनातकर्मियों ने गुलाब का फूल दिया। इस दौरान वोटरों ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली।

भाजपा ने विकलांग, विधवा, एवं वृद्धावस्था पेंशन को बढाया: महाराज

12.02.2022

सतपाल महाराज ने क्षेत्र में बड़े काम किये हैं: निशंक

सतपुली। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने शनिवार को सतपुली में चौबट्टाखाल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सतपाल महाराज विजय बनाने की अपील करते हुए एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने शनिवार को सतपुली बाजार में भाजपा प्रत्याशी श्री सतपाल महाराज के समर्थन में एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 14 तारीख को होने वाले मतदान में सतपाल महाराज को अपना वोट देकर भारी मतों से विजय बनाएं।

उन्होंने श्री महाराज के द्वारा विधानसभा क्षेत्र में किये गये अनेक विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता कांग्रेस के बहकावे में ना आएं। कांग्रेस देश के नौजवानों को शराब पिलाकर बर्बाद करना चाहती है। हमारी युवा पीढ़ी का सुरक्षित होना आवश्यक है। भारतीय जनता पार्टी युवाओं को नए अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि पहले ही कांग्रेस को लोगों ने सत्ता से बहुत दूर फेंक दिया है। इसलिए हमें अभी भी सचेत रहने की आवश्यकता है।

डॉ निशंक ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन की याद दिलाते हुए कहा कि जब हमारी माताएं, बहने युवा सड़कों पर पृथक राज्य आंदोलन की लड़ाई लड़ रहे थे और नारा लगा रहे थे कि “आज दो अभी दो, उत्तराखंड राज्य दो” उस समय कांग्रेस के लोग कहा करते थे कि ” यदि बनेगा तो उनकी लाश पर बनेगा” ऐसे लोगों को हमें पहचानना है और जो कांग्रेस गुमराह करती है उसको सबक सिखाना है।

भाजपा के स्टार प्रचारक रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भाजपा अपने कार्यों का हिसाब किताब दे रही है जैसे कि श्री महाराज जी ने अपने कार्यों के बारे में भी दिया है मेरा कांग्रेसी से कहना है कि वह भी अपने 50 सालों का हिसाब की जनता को दें कि उसने देश के लिए क्या किया।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, आध्यात्मिक गुरु और चौबट्टाखाल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में अनेक विकास कार्य हुए हैं। कक्षा 9 से 10 तक ग्यारहवीं से बारहवीं तक और इंटर से कॉलेज में जो बच्चे गए हैं उनके खातों में ₹12000 की धनराशि टेबलेट खरीदने के लिए दी गई है ताकि वह सही ढंग से पढ़ाई कर सकें।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पंजीकृत महिला मंगल दल स्वयं सहायता समूह के लिए सात लाख तक के ऋण 0% ब्याज पर दिए जाने का प्रावधान किया है। विकलांग, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर ₹1200 से बढाकर ₹1500 प्रतिमाह किया गया है, साथ ही अब यह पेंशन पति और पत्नी दोनों को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि भोजन माताओं, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है। उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन दिए गए हैं। किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खाते में प्रतिवर्ष ₹6000 की किसान सम्मान निधि दी जा रही है।

श्री महाराज ने कहा कि आयुष्मान भारत के द्वारा सभी को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। अपने क्षेत्र में किए गए विभिन्न कार्यों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अनेक विकास कार्य किए गये हैं और आगे भी निरंतर क्षेत्र के विकास के लिए वह प्रयासरत रहेंगे।

उन्होंने कहा कि सतपुली और स्यूंसी झील दो ऐसे बड़े प्रोजेक्ट हैं जिनके माध्यम से इस क्षेत्र में पर्यटन की गतिविधियां बढ़ेगी। यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा और चौबट्टाखाल एक पर्यटन हब के रूप में सामने आयेगा।

चुनावी सभा के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक ओर जहां भाजपा ने जमकर चुनाव प्रचार किया वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम के अंत में फूलों की होली खेल कर लोगों ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर स्वामी जागर सिंधु जी महाराज, पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी, डॉ. जे. पी. सेमवाल, पूर्व मंत्री गणेश चंद्रा, विधानसभा प्रभारी दर्शन सिंह दानू, राजेन्द्र धीरता और नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा आदि ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बृजमोहन, सत्यराज सिंह, महिपाल सिंह, यशपाल गोरला, ब्लाक प्रमुख नीरज पांथरी, सुरवीर सिंह गुसाईं, सुरजीत नरश्रेष्ठ, विक्रम सिंह, वेद प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख एकेश्वर नरेंद्र डन्डिरियाल एवं सुंदर सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।

निशीथ सकलानी
मीडिया सलाहकार, श्री सतपाल महाराज जी, माननीय कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी, चौबट्टाखाल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, पौड़ी।

जनसंपर्क कर सतपाल ब्रह्मचारी ने की वोट अपील

12.02.2022

शहर, युवा और व्यापारी हित में कार्य करने का भरोसा दिलाया
हरिद्वार।  हरिद्वार विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को चंद्राचार्य चौक, योगी विहार, नाथनगर, आर्यनगर  ज्वालापुर, टिबड़ी, संजय नगर, श्रवणनाथ नगर, मोहल्ला कड़च्छ, वाल्मीकि बस्ती, भीमगोड़ा, गोसाई गली, कुर्वांचल बस्ती आदि विभिन्न इलाकों में डोर टू डोर जनसंपर्क कर जनता से वोट की अपील की। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि शहर, युवा और व्यापारी हित ही उनके लिए सर्वोपरि है। जनता ने आशीर्वाद दिया तो धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप शहर का विकास करने के साथ युवाओं और व्यापारियों के हितों में काम करेंगे। चुनाव प्रचार के दौरान जगह-जगह लोगों ने उनका फूल मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि 20 साल बाद भी हरिद्वार में समस्याएं जस की तस है। यदि जनता ने उन्हें आर्शीवाद दिया और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो जनता की तमाम मूलभूत समस्याओं का निस्तारण करते हुए शहर को सुव्यवस्थित करने का कार्य किया जाएगा। व्यापारियों के हित में व्यापारी आयोग का गठन कराया जाएगा। जिसका अध्यक्ष भी व्यापारी वर्ग से ही चुना जाएगा। इस अवसर पर पार्षद राजीव भार्गव, संजय शर्मा, अतीश वर्मा,  गोपाल चतुर्वेदी, अनिल भास्कर, संजय पारचा, राजेंद्र जाटव, मनोज जाटव, पुनीत कुमार, कन्हैया चंचल, सन्नी खेरवाल, मधुकांत गिरी आदि मौजूद रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने किया भाजपा सरकार बनने का दावा

12.02.2022

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि पूरी दुनिया कोविड से बचाव में भारत की भूमिका की सराहना का रही है। कोविड महामारी शुरू होने के बाद पीएम मोदी के नेतृत्व में जनता को राहत देने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए। देश में तेजी से टीकाकरण करने के साथ कई देशों को टीके का निर्यात किया गया। जबकि कांग्रेस ने टीकाकरण के प्रति लोगों को भ्रमित करने का काम किया। उत्तराखंड में जारी कांग्रेस के घोषणा पत्र पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि यदि वह सत्ता में आई तो 5 लाख परिवारों को 40 हजार रूपए देगी, अगर ऐसा है तो छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है वहां कितने लोगो को 40 हजार रूपए मिले। देश में लंबे समय कांग्रेस की सरकार रही। लेकिन कितने लोगों को नौकरी मिली। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि जो कभी राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे। वह आज जनेऊ पहन कर मन्दिरों मेे जा जाकर पूजा कर रहे हैं।  शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को केकड़ा पार्टी बताते हुए कहा कि वे एक दूसरे की टांग खिचाई करते रहते है। उन्होंने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हरीश रावत पर भी तंज कसा कहा कि वह खुद कई चुनाव हार गए। अगर उन्होंने काम किया होता तो ये हार के रिकार्ड ना बनते और भ्रष्टाचार की बात करने का तो कांग्रेस को कोई हक ही नहीं क्योंकि भ्रटाचार मेे उन्होंने रिकार्ड बनाया हुआ है। उन्होंने कहा कि नारे को ना नाम को ,वोट हमारे काम को। उत्तराखंड में भाजपा पहले से भी ज्यादा सीटें जीतेगी और फिर से पुष्कर सिंह धामी की सरकार बनेगी। वे उन्हें शपथ ग्रहण करवाने आएंगे। बढ़ती महंगाई और बढ़ते नशे को लेकर पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम केवल आरोप लगाना है। शिकायत मिलने पर सरकार तुरंत कदम उठा रही है।

विधायक आदेश चौहान ने जनसंपर्क कर की वोट अपील

12.02.2022

रानीपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विधायक आदेश चौहान ने शिवालिक नगर, सुभाष नगर एवं सलेमपुर में जनसंपर्क किया। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्र में कराए विकास कार्यों एवं भाजपा सरकार की उपलब्धियों के आधार पर वोट अपील करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शिवालिक नगर क्षेत्र में लंबे नगर पालिका की स्थापना के साथ टिहरी विस्थापित, सुभाष नगर, नवोदय नगर में विकास कार्य कराए। शिवालिक नगर में सुरक्षा की समस्या को दूर किया। कोरोना काल में अकेले रह रहे बुजुर्गो की मदद की। पूरे कोरोना काल में भाजपा के कार्यकर्ता लोगों की मदद में जुटे रहे। लोगों से जुड़ाव के चलते उन्हें 10 वर्षों से जनता का प्यार मिलता रहा है। इस अवसर पर सभासद अशोक मेहता, सभासद पंकज चौहान, सभासद हरिओम चौहान, सभासद अजय मलिक, सभासद सुमन देवी शर्मा, सभासद अंकुर यादव, सभासद सिंह पाल सैनी, सभासद बबीता, पवन शर्मा विपिन चौहान आदि उपस्थित रहे।

आप प्रत्याशी संजय सैनी ने किया चुनाव प्रचार

12.02.2022

आप सरकार रखेगी गरीबों का ध्यान : संजय सैनी
हरिद्वार।  हरिद्वार शहर सीट से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी संजय सैनी ने रामनगर, इस्लाम नगर, आर्य नगर, नाथ नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार प्रसार कर लोगों से आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान प्रत्याशी संजय सैनी ने लोगों को आम आदमी पार्टी की नीतियों से अवगत कराते हुए कहा कि यदि उत्तराखंड में आप की सरकार बनती है तो गरीबों का विशेष रुप से ध्यान रखा जाएगा। 300 यूनिट फ्री बिजली के साथ पानी के बिल में भी कटौती की जाएगी और पहाड़ से पलायन रोकने के लिए सर्वप्रथम युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। हरिद्वार में औद्योगिक क्षेत्र में बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। जबकि पहाड़ के लोग पलायन कर दूसरे प्रदेशों में जाकर नौकरियां कर रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण पहाड़वासी अपने घर छोड़ने को मजबूर हैं। आम आदमी कोरोना काल में पूरी तरह टूट चुका है। सरकार की ओर से बिजली के बिलों में कोई छूट नहीं दी गई है। भाजपा मात्र लुभावने वादे कर लोगों को छलने का कार्य करती ह। जिसे अब जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की टूटी फूटी सड़कें, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट सरकार की कार्यशैली को दर्शाती है। विकास के नाम पर मात्र लोगों को लूटने का कार्य किया जा रहा है। अबकी बार जनता बदलाव चाहती है और आम आदमी पार्टी को इसका भरपूर फायदा मिल रहा है। तीसरे विकल्प के तौर पर आम आदमी पार्टी लोगों की पहली पसंद है और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है यदि जनता का आशीर्वाद मिलता है तो उत्तराखंड का समग्र विकास किया जाएगा और हरिद्वार को नशा मुक्त किया जाएगा। इस दौरान निर्वाण सैनी, सुनील सैनी, शिशुपाल नेगी, अमन कुमार, प्रमोद कुमार, गौरव सैनी, सनी आदि मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री ओमवीर तोमर की पुस्तक ‘कोरोना काल आओ पीछे लौट चलें‘ पर किया परिचर्चा का आयोजन

12.02.2022

किसान नेता राकेश टिकैत भी हुए परिचर्चा में शामिल
हरिद्वार।  यूपी के पूर्व मंत्री ओमवीर तोमर की पुस्तक ‘कोरोना काल आओ पीछे लौट चलें‘ पर कनखल स्थित महिला विद्यालय में परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा में किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत, प्रसिद्ध शायर नवाज देवबंदी, गुरुकुल कांगड़ी के कुलपति डा.रूप किशोर शास्त्री, एमसीएस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डा.अशोक शास्त्री, महिला विद्यालय डिग्री कॉलेज की सचिव शिक्षाविद् डा.वीणा शास्त्री शामिल सम्मिलित हुए। संचालन किसान नेता राहुल चौधरी ने किया। परिचर्चा को संबोधित करते हुए किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि कोरोना काल में केंद्र सरकार कि गलत नीतियों के कारण किसान और मजदूरों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देश भर के किसान अपना घर परिवार छोड़कर अपनी मांगे मनवाने के लिए 13 महीने तक दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन करता रहा। लेकिन केंद्र सरकार के मुखिया को किसानों की पीड़ा दिखाई व सुनाई नहीं दी। आज देश के नौजवान, किसानों व मजदूरों को अपने आप यह देखना होगा कि हमारा विकास कौन कर सकता है। किसान मजदूर के पास अपनी सुरक्षा के लिए एक वोट का हथियार है। जिसे चला कर वह अपने आप को सुरक्षित रख सकते हैं। कितनी पीड़ा देश के किसानों ने झेली इसका अंदाजा किसान ही लगा सकता है। देश व कुछ प्रदेशों में तानाशाही की सरकार चल रही है। सरकार की गलत नीतियों को किसान कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और तानाशाही  रवैया अपनाने वाले तानाशाह यह याद कर लें कि हिंदुस्तान में जो भी रास्ता जाएगा वह किसानों के बीच से ही हो कर जाएगा। प्रसिद्ध शायर नवाज देवबंदी ने कहा वे देश के नौजवान साथियों और बहनों से चाहते हैं कि मोबाइल व फजूल की बातों में समय ना गवा कर किताबों की ओर चलें तो सामाजिक ज्ञान तो बढ़ेगा ही साथ ही देश को चलाने में एक अच्छी सोच का योगदान भी युवा पीढ़ी से मिलेगा। बोलने वालों का काम है बोलना। लड़ाने वालों का काम है लड़ाना। उन्होंने कहा कि देशवासियों को यह समझना होगा कि हिंदू हो या मुसलमान हो सिख हो या इसाई हो हर किसी के दिल पर हिंदुस्तान लिखा हो। पूर्व मंत्री ओमवरी तोमर व डा.अशोक शास्त्री ने कहा कि कोरोना पर लिखी यह किताब पढ़कर जाना जा सकता है कि ऐसी विषम परिस्थितियों में कैसे सुरक्षित रह सकते हैं। केंद्र सरकार जागरूक होती तो देश के हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती थी। लेकिन सरकार में जागरूकता ना होने के कारण देश में करोना बढ़ता रहा और हमारे देश के मंत्री विदेशों को ऑक्सीजन व जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते रहें। सरकारें जागरूक होती तो शायद इतनी परेशानी हिंदुस्तान की जनता को ना झेलनी पड़ती। डा.वीणा शास्त्री व राहुल चौधरी ने कहा कि सभी मिलकर ऐसी सरकार बनानी होगी जो हमारे सुख दुख को समझ सके और शिक्षा और स्वास्थ्य व रोजगार के अवसर पैदा करने में सक्षम हा।े आज शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। देश का वोटर हर बार यह सोच कर सरकार बनाता है कि शायद यह सरकार देश में शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के अवसर पैदा करेगी। लेकिन सरकार के मंत्रियों के पास सांसद व विधायकों को खरीदने के लिए पैसा रहता है। लेकिन देश में अच्छे डिग्री कॉलेज, हॉस्पिटल वह रोजगार के कारखाने खोलने के लिए उनके पास धन नहीं है। सरकारें सांसद व विधायकों की खरीद-फरोख्त तक ही सीमित होकर रह गई हैं। इस अवसर पर प्रोफेसर प्रेरणा पांडे, प्रशांत राठी, लाल सिंह सैनी, विकास राजपूत, विराट सिंह, नरेश बालियान, उदयवीर बालियान, प्रमोद चौधरी, रकम सिंह, सुमित भाटिया, संगम शर्मा, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।

सपा प्रत्याशी ने जनसंपर्क कर की वोट अपील

12.02.2022

हरिद्वार नगर सीट से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डा.सरिता अग्रवाल ने अहबाब नगर, अंबेडकर नगर, शास्त्री नगर, मंडी का कुुंआ, ज्वालापुर मार्केट में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान सरिता अग्रवाल ने कहा कि इस बार परिवर्तन की आंधी चल रही है। सपा ने एक महिला को प्रत्याशी बनाकर महिलाओं को सम्मान देने काम किया है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाताओं ने आशीर्वाद दिया तो शहर का विकास करने के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने का काम करेंगी। हरिद्वार की धार्मिक मर्यादाओं की रक्षा करेंगी। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को आमजन के सुलभ बनाया जाएगा। जनसंपर्क अभियान में समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव डा.राजेंद्र पाराशर, प्रदेश महासचिव मशकूर अहमद कुरेशी, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव लव कुमार दत्ता, दिल्ली से आए राष्ट्रीय सचिव सेलिना, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष पंडित कपिल शर्मा जौनसारी, मनोज भट्ट, हिमांशु विद्यार्थी, युवराज सिंह, राजन कुमार आदि शामिल रहे।

EDII Facilitates GI Certification for ‘Surat Cut (Diamond)’; 5 Crafts Receive GI Tags, Several Others Under Process

ईडीआईआई ने ‘सूरत कट (डायमंड)’ को जीआई प्रमाणपत्र दिलाने में किया...

0
देहरादून - 17 मार्च, 2026: एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई), अहमदाबाद पारंपरिक शिल्पों के संरक्षण और कारीगरों की आजीविका को बढ़ावा देने के...
romabet romabet romabet
deneme bonusu veren siteler