Home उत्तराखंड उक्रांद ही कर सकती है गांव, गलियों, खेत, खलिहान का विकास: रामानंद

उक्रांद ही कर सकती है गांव, गलियों, खेत, खलिहान का विकास: रामानंद

29.01.2022

चकराता विधानसभा से नामांकन के अंतिम दिन उक्रांद प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र के विकास की सोच सिर्फ उत्तराखंड क्रांति दल के पास ही है।
शुक्रवार को उक्रांद प्रत्याशी रामानंद सिंह चौहान ने आरएनएस से बातचीत में कहा कि राज्य गठन के दो दशक बाद भी पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन नहीं रुका है। बड़ी संख्या में युवा गांवों को छोड़कर शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं। गांवों से होता पलायन राष्ट्रीय दलों के सरकारों की असफलता बयान कर रहा है। कहा कि गांव, गलियों, खेत, खलियानों का विकास सिर्फ उक्रांद ही कर सकती है। कहा कि राज्य गठन के बाद से ही चकराता विधान सभा से कांग्रेस विधायक चुनते आए हैं। दो बार काबीना मंत्री बनने के बावजूद अभी तक यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित नहीं हो पाई हैं। क्षेत्र की जर्जर सड़कें ग्रामीणों के लिए काल साबित हो रही हैं। उचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने पर भी ग्रामीण जान गंवा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं का समय पर उपचार नहीं मिलने से जच्चा बच्चा की जान जोखिम में पड़ जाती है। गांवों में सड़कों का अभाव होने के कारण मरीजों को डंडी, कंडी के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। कहा कि जब भी किसी गांव से मरीज डंडी के सहारे अस्पताल पहुंचता है तो अब तक की सरकारों और विधायक की विफलता दुनिया के सामने आ जाती है। कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर उक्रांद इस बार दमदार तौर पर जनता के बीच जा रही है। जनता अब राष्ट्रीय दलों की असलियत समझ चुकी है।