रुड़की। गांव भलस्वागज में एक युवक ने गांव के बाहर तालाब के पास खड़े अमरूद के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गृह क्लेश को आत्महत्या का कारण बताया गया है। भलस्वागज निवासी संदीप 25 पुत्र धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार तड़के घर से बाहर जाकर गांव से कुछ दूरी पर तालाब किनारे खड़े अमरूद के पेड़ पर रस्सी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। इसका पता सुबह उस समय लगा जब कुछ ग्रामवासी तालाब के पास शौच के लिए गए थे। तालाब के किनारे खड़े अमरूद के पेड़ पर एक युवक को लटका देखा। ग्रामीणों ने पेड़ के पास जाकर देखा तो वह गांव निवासी संदीप निकला। संदीप के परिवार व पुलिस को ग्रामवासियों ने सूचना दी। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामवासियों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक दो भाई थे, यह छोटा था। मृतक संदीप के पिता की मृत्यु पूर्व में हो चुकी थी। घर में आपसी कलह के चलते काफी समय से तनाव में चल रहा था।

















