श्रीनगर गढ़वाल। कोविड काल से उभरने के बाद चारधाम यात्रा की मई माह से शुरुआत होनी वाली है, इसको देखते प्रदेश सरकार यात्रियों को रूकने से लेकर ठहरने की तमाम व्यवस्था को लेकर कटिबद्ध है। यात्रियों को पानी से लेकर भोजन की कोई दिक्कत ना आये, इसके लिए तीन दौर की बैठकें हो चुकी हैं। यदि यात्रा पर अत्यधिक यात्री पहुंचते हैं, तो ऋषिकेश में रजिस्ट्रेशन की सुविधा बहाल करते हुए एक निश्चित संख्या में यात्रियों को भेजने की व्यवस्था की जायेगी।
एसएसबी की पासिंग आउट परेड में शामिल होने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान बरसात या अन्य कारणों से सड़क बंद होती है, तो उसे तत्काल खोलने की व्यवस्था होगी। रास्तों में पानी की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए आवास को लेकर होटल स्वामियों, टैक्सी चालकों के संदर्भ में पहले बैठक कर दी गई है। सीएम ने कहा कि अत्यधिक भीड़ आने की संभावनों को देखते हुए ऋषिकेश में यात्रियों के लिए रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जायेगी। गढ़वाल में सुविधाओं के अनुकूल ही यात्रियों को यहां भेजा जायेगा। इसके लिए ऋषिकेश व अन्य स्थानों पर यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था बनायी जायेगी। ताकि गढ़वाल में काफी भीड़-भाड़ होने से अव्यवस्था ना फैले। यात्रा के दौरान अच्छी व्यवस्थाएं बनी रहे इसके लिए तीन बैठकें कर चुके है। हर विभागों के अधिकारियों को इसमें शिरकत करते हुए व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिये गये है। कहा कि सरकार का प्रयास है कि यात्रा सुगमता से अच्छी हो और बिना किसी परेशानी के हो सके। भूस्खलन वाले स्थानों पर संबंधी विभागों को त्वरित गति से कार्य करने तथा यात्रियों को असुविधा ना हो इसके लिए पूरी व्यवस्था की जा रही है।

















