10.02.2022
टीएचडीसी राजस्थान में 10,000 मेगावाट के नवीकरणीय ऊर्जा पार्क और परियोजाओं को स्थापित करेगा। इसके लिए चालीस हजार करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश का करार हुआ है। बुधवार को टीएचडीसीआईएल के निदेशक वित्त जे बेहेरा और अपर मुख्य सचिव राजस्थान सरकार डा. सुबोध अग्रवाल ने एलओआई पर हस्ताक्षर किए। निदेशक वित्त जे बेहेरा ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा आरआरईसीएल के माध्यम से भू बैंक का आवंटन किया जाएगा। नवीकरणीय ऊर्जा पार्कों का कार्यान्वयन एसपीवी के माध्यम से आरआरईसीएल के साथ जेवी कंपनी के रूप में 74:26 के अनुपात में किया जाएगा। कहा कि इन परियोजनाओं से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 10,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। परियोजनाओं की कमीशनिंग चरणवद्ध तरीके से तीसरे एवं पांचवें वर्ष में जाएगी। टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजीव विश्नोई ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निवेश प्रस्ताव में तेजी लाने के लिए राजस्थान सरकार के ऊर्जा विभाग को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

















