रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
पत्नी का हत्या करने वाला फरार अभियुक्त को खनस्यूं पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
भीमताल (नैनीताल)। विकास खंड ओखलकांडा के तल्ला ओखलकांडा में बीते 21 अगस्त की रात पत्नी की पीटकर हत्या करने वाले फरार आरोपी भीम सिंह को थाना खनस्यूं पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में था, तथा पत्नी के अवैध संबंध होने के शक में उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि अभियुक्त ने अपने चारों बच्चों की मौजूदगी में अपनी पत्नी डिकर देवी को डंडों एवं चम्मच आदि से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद अभियुक्त रात में घर पर ही सो गया, तथा अगले दिन सुबह बच्चों को धमकाकर घटना के संबंध में किसी को कुछ न बताने की बात कहकर घर से फरार हो गया। मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर के आधार पर थाना खनस्यूं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना खनस्यूं पुलिस एवं हल्द्वानी से पहुंची फॉरेंसिक टीम द्वारा क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, थानाध्यक्ष खनस्यूं अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने अभियुक्त भीम सिंह को वडियाड लूगड़ काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर किया गया, तथा न्यायालय के समक्ष पेश कर अभियुक्त जेल भेज दिया गया।
टीम में थानाध्यक्ष अनीस अहमद, चौकी प्रभारी ओखलकांडा कृष्णा गिरी,अउनि नरेश कुमार, हैड कांस्टेबल महेश मर्तोलिया, भूजेंद्र सिंह, कांस्टेबल राम सिंह राणा व जय किशन आदि शामिल रहे।
















