Home उत्तराखंड सम्मोहित कर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

सम्मोहित कर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

Gang involved in hypnotism and fraud busted, one arrested
Gang involved in hypnotism and fraud busted, one arrested

हरिद्वार।  रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में सम्मोहित कर गहने और मोबाइल फोन ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को लाखों के गहनों सहित गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन अन्य साथी अभी फरार हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग के संयुक्त प्रयास से इस ठगी की गुत्थी सुलझाई है। घटना 11 नवंबर की है, जब शिवालिक नगर निवासी आशुतोष सोनी ने रानीपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि चार अज्ञात युवकों ने उनकी माता सुमित्रा सोनी को सम्मोहित कर सोने के कंगन, चेन, कान के टॉप्स, पर्स और आई मोबाइल फोन ठग लिए। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने इलाके के विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पहले ऐसी वारदातों में संलिप्त अपराधियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर 15 नवंबर की शाम चौकी प्रभारी गैस प्लांट उपनिरीक्षक विकास रावत के नेतृत्व में टीम ने आर्मी ग्राउंड, शिवालिक नगर के कच्चे रास्ते से बाइक सवार आरोपी 26 वर्षीय अब्दुल गफ्फार पुत्र शेर मोहम्मद, निवासी ग्राम शाहीपुर थाना किठौर मेरठ को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से सोने के दो कंगन बरामद हुए। पूछताछ में गफ्फार ने बताया कि वह अपने साथियों दिलशाद उर्फ बॉबी पुत्र अहमद अली, मुजाहिद पुत्र स्व. नूर मोहम्मद दोनों निवासी ग्राम असीलपुर, थाना किठौर, मेरठ और गुलजार पुत्र सुकरदीन, निवासी ग्राम शादुल्लापुर थाना किठौर, मेरठके साथ हरिद्वार आया था और महिला को बातों में उलझाकर गहने और पर्स लेकर फरार हुए थे। आरोपियों ने मेरठ और मुजफ्फरनगर में कंगन बेचने की कोशिश की, लेकिन बिल न होने के कारण सुनारों ने खरीदने से मना कर दिया। गिरफ्तार आरोपी कंगन बेचने ज्वालापुर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी से बरामदगी कर ली है और तीनों फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया है।