22.4 C
Dehradun, IN
September 16, 2026
https://primetimesnewz.com/
उत्तराखंड

युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा नशा मुक्त उत्तराखंडः डाॅ. धन सिंह रावत

A drug-free Uttarakhand will become a reality through the resolve of the youth Dr. Dhan Singh Rawat

राजकीय पॉलिटेक्निक काॅलेज पित्थूवाला में छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ

प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में चलेगा 100 दिन तक चलेगा महाभियान

देहरादून, 31 अगस्त 2026
सूबे के विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में आयोजित नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम में कहा कि युवा शक्ति के दृढ़ संकल्प और जनभागीदारी से नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को अवश्य साकार किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. रावत ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। डॉ. रावत ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। इसलिए नशे के विरुद्ध लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा नशामुक्ति का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे तो उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 100 दिवसीय महाभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई जा रही है। इस अभियान में युवाओं की बड़ी भागीदारी उत्साहवर्धक है और नशामुक्त उत्तराखंड का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। डॉ. रावत ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे केवल स्वयं नशे से दूर रहने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि एक जागरूक युवा कई लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।

इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली एवं लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने भी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पाण्डेय, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप निदेशक एम.के. कन्याल, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला के प्राचार्य अवनीश जैन सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts

चूर्ण समझकर चूहे मारने की दवा खा गए एक ही परिवार के चार बच्चे, तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

Primetimes Newz

एका मोबिलिटी ने इलेक्ट्रिक स्‍कूल बस लॉन्‍च कर अपने प्रोडक्‍ट पोर्टफोलियो का किया विस्‍तार

Primetimes Newz

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिद्धपीठ माँ सुरकण्डा मन्दिर, पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की

Primetimes Newz

Leave a Comment