रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैण (अल्मोड़ा)।रामनगर-मोहान- भतरौंजखान-चौखुटिया मोटर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। थाना भतरौंजखान अंतर्गत कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के समीप मोहान से 10 किलोमीटर पहले एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद डंपर चालक के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना के बाद बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर पहुची। अपर उप निरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में पहुंची एसडीआरएफ टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के आसपास तलाश शुरू करने के साथ ही खाई में भी सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान डंपर से कुछ दूरी नीचे खाई में चालक का शव मिला। घटनास्थल की कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण शव को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ जवानों ने रेस्क्यू उपकरणों और रस्सियों की सहायता से अभियान चलाकर शव को बमुश्किल सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय जसवंत सिंह उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है, अल्मोड़ा जनपद के चौखुटिया तहसील के गजार गांव निवासी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय डंपर में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। थाना भतरोंजखान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
