देहरादून (आरएनएस)। देहरादून के मशहूर कंट्री सिंगर बॉबी कैश की जिंदगी और संगीत के सफर से प्रेरित ऑस्ट्रेलिया-भारत फीचर फिल्म बनने जा रही है। न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने नई दिल्ली स्थित ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग में आयोजित समारोह में फिल्म की घोषणा की। करीब 20 वर्ष पहले देहरादून से ऑस्ट्रेलिया पहुंचे बॉबी कैश ने टैमवर्थ के कंट्री म्यूजिक जगत में पहचान बनाई और उन्हें ‘द इंडियन काउबॉय’ नाम मिला। फिल्म का निर्देशन सिडनी के फिल्मकार अनुपम शर्मा करेंगे, जबकि पुरस्कार विजेता लेखिका-निर्देशक विक्टोरिया व्हार्फ मैकइंटायर पटकथा लिखेंगी। भारतीय सह-निर्माता के रूप में सतीश शर्मा जुड़े हैं। फिल्म बॉबी कैश की कहानी के जरिए संगीत, प्रवास, पहचान और भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को प्रस्तुत करेगी।बॉबी कैश ने कहा कि उन्होंने देहरादून की पहाड़ियों से गिटार लेकर ऑस्ट्रेलिया का रुख किया था, जहां टैमवर्थ ने उन्हें नई पहचान दी। भारतीय सह-निर्माता सतीश शर्मा ने कहा कि फिल्म की जड़ें दून घाटी और उत्तराखंड के जंगलों-पहाड़ों में हैं और यह शहर व प्रदेश को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाएगी।

















