Home उत्तराखंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बारीकियां सीखेंगे तकनीकी संस्थानों के छात्र: डॉ धन सिंह...

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बारीकियां सीखेंगे तकनीकी संस्थानों के छात्र: डॉ धन सिंह रावत

Students at Technical Institutes Will Learn the Nuances of Artificial Intelligence Dr. Dhan Singh Rawat
Students at Technical Institutes Will Learn the Nuances of Artificial Intelligence Dr. Dhan Singh Rawat

प्राविधिक शिक्षा विभाग ने किया कोडयोगी व कम्प्यूटर एंड लर्न फाउंडेशन के साथ एमओयू साइन

देहरादून, 2 जून 2026

प्रदेश के राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों एवं अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं अपने पाठ्यक्रम के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कोडिंग की बारीकियां भी सीखेंगे। इसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने कोडयोगी फाउंडेशन तथा कम्प्यूटर एंड लर्न फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

सोमवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत राज्य के पॉलीटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों को एआई के मूलभूत सिद्धांतों, कोडिंग, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग तथा इसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा को समय की मांग के अनुरूप आधुनिक एवं रोजगारोन्मुख बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को नई तकनीकों में दक्ष बनाने के साथ-साथ उनकी समस्या समाधान क्षमता (प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल) और नवाचार (इनोवेशन) की सोच को भी विकसित करेगी।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थी अपने स्मार्टफोन के माध्यम से, अपनी भाषा में और बिना किसी शुल्क के यह प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से दो अकादमिक क्रेडिट भी प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के संचालन के लिए किसी अतिरिक्त कंप्यूटर लैब, आधारभूत संरचना अथवा शिक्षक प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं होगी। कोडयोगी फाउंडेशन कार्यक्रम का वित्तपोषण एवं संचालन स्वतंत्र रूप से करेगा, जबकि विभाग राज्य के सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों तक इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करेगा।

समझौता ज्ञापन के अवसर पर कोडयोगी फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत चौधरी ने कहा कि कोडयोगी फाउंडेशन की यात्रा उत्तराखंड से शुरू हुई, यहां के पॉलीटेक्निक छात्रों फाउंडेशन के साथ तकनीकी कौशल के गुर सीखे और आज वह मल्टीनेशनल कंपनियों में बड़े पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि यदि आपके पास एक स्मार्टफोन और सीखने की जिज्ञासा है, तो वही पर्याप्त है।

बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, कुलपति तकनीकी विश्वविद्यालय प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, उप सचिव ब्योमकेश दुबे, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पांडेय, कोडयोगी फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत चौधरी, कम्प्यूटर एंड लर्न फाउंडेशन के निदेशक साई प्रसाद साले सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।