दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर 24 जून (शनिवार) को प्रगति मैदान टनल के अंदर कारोबारी से हुए लूट का सीसीटीवी फुटेज शेयर किया. उन्होंने एलजी पर निशाना साधाते हुए ट्वीट किया- ‘एलजी को इस्तीफा देना चाहिए. किसी ऐसे व्यक्ति के लिए रास्ता बनाएं, जो दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान कर सके. अगर केंद्र सरकार दिल्ली को सुरक्षित नहीं बना सकती, तो इसे हमें सौंप दें. हम आपको दिखाएंगे कि किसी शहर को उसके नागरिकों के लिए कैसे सुरक्षित बनाया जाए.’
प्रगति मैदान टनल पर कैसे हुई थी लूट?
गुजरात के मेहसाणा के रहने वाले साजन कुमार का चांदनी चौक में सोने-चांदी के गहनों का कारोबार है. वह शनिवार दोपहर को कैब से गुरुग्राम स्थित एक फर्म को दो लाख रुपये देने के लिए जा रहे थे. उनके साथ में साथी जितेंद्र पटेल भी थे. कारोबारी शनिवार शाम तीन से चार बजे के करीब रिंग रोड से प्रगति मैदान टनल होते हुए इंडिया गेट की तरफ जा रहे थे. तभी दो बाइक सवार चार बदमाशों ने उनकी कार के आगे मोटरसाइकिल रोककर पैसों से भरा बैग छीन लिया.

















