Home उत्तराखंड भूमि बेचने के नाम पर चालीस लाख की रकम हड़पी

भूमि बेचने के नाम पर चालीस लाख की रकम हड़पी

हरिद्वार। बेचने का अधिकार न होने के बावजूद भी एक होटल कारोबारी से भूमि बेचने के नाम पर चालीस लाख की रकम हड़प लेने का मामला सामने आया है। होटल कारोबारी की शिकायत पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी संत एवं उसके एक परिचित के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कनखल के विष्णु गार्डन कालोनी निवासी पेशे से होटल कारोबारी सन्नी कपूर ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी जान पहचान महंत बालक नाथ शिष्य महंत गोपाल नाथ निवासी लाल मन्दिर जग्गू घाट ज्वालापुर एवं ज्ञान तोमर पुत्र स्वर्गीय मेघराज रेलवे रोड लोधामंडी ज्वालापुर से चली आती थी। आरोप है कि ऊंचा पुल के पास करीब 29 हजार वर्गफुट भूमि बेचने का सौदा उसके साथ तय किया, जिसकी एवज में उससे चालीस लाख की रकम ले ली। आरोप है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि उक्त भूमि का पूर्व में भी बैनामा कर रकम ली हुई है। आरोप है कि बालकनाथ ने जानबूझकर रकम हड़पने की नीयत से उसके साथ इकरारनामा किया था। आरोप है कि महंत बालकनाथ को उसके गुरु ने जो वसीयत की थी, उसे उसमें भूमि को बेचने का अधिकार ही नहीं है। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि इस संबंध में प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।